जयपुर: राजस्थान में युवाओं को सरकारी नौकरी का एक और मौका मिल गया. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड 17 अगस्त (रविवार) को प्रदेशभर में दो पारियों में पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा-2025 ली जाएगी. पहली पारी सुबह 9 से 12 बजे और दूसरी पारी दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगी. बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए दिशानिर्देश जारी किए. इसमें ड्रेस कोड व अनुचित साधनों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी शामिल है.
किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना पड़ेगा भारी : कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के पांच विकल्प होंगे– A, B, C, D और E. इनमें अंतिम विकल्प E का चयन तभी करना होगा, जब प्रश्न का उत्तर न देना चाहें. कोई प्रश्न बिना उत्तर छोड़ा और ‘E’ गोला नहीं भरा तो उस प्रश्न के 1/3 अंक काटे जाएंगे, यदि 10% से अधिक प्रश्नों में विकल्प नहीं भरा तो अभ्यर्थी को परीक्षा के अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा. बोर्ड प्रत्येक अभ्यर्थी को ये सुनिश्चित करने को 10 मिनट अतिरिक्त देगा कि उन्होंने OMR शीट पर सभी प्रश्नों के लिए उत्तर / ‘E’ गोला जरूर भरा है या नहीं.
पहचान पत्र की फोटो अपडेट जरूरी :अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि उनके पहचान पत्र (आधार/पैन आदि) में लगी फोटो 3 वर्ष या अधिक पुरानी है तो अपडेट करा लें. परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र की फोटो में मिलान अनिवार्य है, अन्यथा प्रवेश नहीं दिया जाएगा. साथ ही परीक्षा में ड्रेस कोड को लेकर निर्देश दिए हैं. ड्रेस कोड की पालना नहीं करने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश से वंचित किया जा सकता है.
नकल पर सख्ती : परीक्षा में नकल रोकने को राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 व संशोधित अधिनियम 2023 के तहत कड़े प्रावधान लागू किए हैं, यदि अभ्यर्थी अनुचित साधन या नकल गिरोह से जुड़ा मिला तो 10 लाख से 10 करोड़ रुपए जुर्माना और 10 वर्ष की उम्रकैद हो सकती है. ऐसे अभ्यर्थी को आगे की सभी परीक्षाओं से डिबार कर दिया जाएगा.
पद बढ़ाए थे: अजमेर राजस्व मंडल ने पटवारी भर्ती 2025 में बीते दिनों 1685 पद बढ़ाते हुए कुल 3705 पदों पर भर्ती का फैसला लिया था. इनमें गैर अनुसूचित क्षेत्र के 3183 और अनुसूचित क्षेत्र के 522 पद शामिल हैं. इस फैसले ने पटवारी भर्ती की तैयारी कर रहे बेरोजगारों की उम्मीदें और बढ़ा दी. राजस्थान में लंबे समय से पटवारी भर्ती का युवा वर्ग को इंतजार है. अब परीक्षा की तारीख तय हो गई. पटवारी परीक्षा 2025 में भाग लेने वाले लाखों युवाओं के लिए परीक्षा न केवल सरकारी नौकरी की ओर अहम कदम है, बल्कि इससे स्पष्ट है कि सरकार परीक्षा को पारदर्शी, अनुशासित और तकनीकी रूप से पुख्ता बनाने की दिशा में गंभीर है. आलोक राज ने कहा कि अभ्यर्थियों को चाहिए कि वे नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और पूरी निष्ठा से तैयारी करें.




















