झालावाड़: कोतवाली पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार और 11 बाइक भी बरामद की गई है. ये वाहन आरोपियों ने झालावाड़ सहित अन्य जगहों से भी चोरी की थी. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य साथियों को लेकर पूछताछ करने में जुटी है.
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि संगठित अपराधों और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है. बीते कई दिनों से जिला अस्पताल, चौपाटी, बस स्टैंड, मंगलपुरा सहित जिले में कई इलाकों से बाइक चोरी की सूचना मिल रही थी. जिले में हुई बाइक चोरी की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया तथा एडिशनल एसपी चिरंजी लाल मीणा व डीएसपी हर्षराज सिंह की मॉनिटरिंग में टीम का गठन किया गया. जिसके बाद पुलिस ने कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर वाहन चोरों को चिन्हित किया और मामले में 5 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है.




















