जयपुर: सेवादल और कांग्रेस पार्टी की रीति नीति, संस्कृति और विचारधारा को घर-घर पहुंचाने के लिए राजस्थान कांग्रेस सेवादल 20 हजार नए ‘श्वेत सैनिक’ तैयार करेगी. इसके लिए 11 अगस्त से सभी जिलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे. प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को हुई कांग्रेस सेवादल की प्रदेश स्तरीय विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में इसका फैसला लिया गया.
बैठक में देश के वर्तमान हालात और ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा की गई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की शपथ ली. हर जिले में 200 से 500 लोग नए युवाओं को प्रशिक्षित करेंगे. बैठक के बाद कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत ने कहा कि संगठन का लक्ष्य 20 हजार नए श्वेत सैनिक प्रशिक्षित करने का है. इसके लिए सभी जिलों में तीन दिवसीय प्राइमरी और सहयोगी कैंप शुरू किए जाएंगे. इनमें 200 से 500 लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण शिविरों में कांग्रेस और सेवादल की विचारधारा, संस्कृति और रीति नीति से अवगत कराया जाएगा. साथ ही अनुशासन में रहने की भी ट्रेनिंग दी जाएगी.
आजादी से भी पुराना है सेवादल: उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल देश की आजादी से भी पुराना संगठन है और अपने अनुशासन के लिए जाना जाता है. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जब चंपारण गए थे, तब भी सेवादल संघर्ष कर रहा था. प्रदेशाध्यक्ष शेखावत ने कहा कि पहले कांग्रेस की सोच यह थी कि भारत को ‘भारत’ कैसे बनाया जाए. उसी को ध्यान में रखते हुए राजस्थान कांग्रेस सेवादल अपनी पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ा रही है कि कैसे तिरंगे की सोच को मजबूत करना है. कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करना है. संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष करेंगे.
तिरंगा यात्रा निकालेंगे: उन्होंने कहा कि आज देश में संविधान और लोकतंत्र खतरे में है. उसे बचाने के लिए कांग्रेस के ये ‘श्वेत सिपाही’ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे. राहुल गांधी के विचारों को आम जनता तक पहुंचाना है. शेखावत ने कहा कि आगामी अगस्त क्रांति के मौके पर हर साल की तरह इस साल भी कांग्रेस सेवा दल सभी जिलों में तिरंगा यात्रा निकलेगी. बैठक में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रभारी गोविंद भाई पटेल, प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत और कांग्रेस के प्रदेश संगठन महामंत्री ललित तूनवाल भी मौजूद रहे.




















