भीलवाड़ा: जिले में बीते 24 घंटे में झमाझम का दौर जारी रहा. मांडलगढ़ क्षेत्र के जेतपुरा बांध पर सर्वाधिक 235 मिमी बारिश हुई. वहीं, बिजौलिया क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तिलस्वां महादेव के पास से गुजरने वाली ऐरू नदी उफान पर है. इससे तिलस्वां में चार से पांच फीट पानी भर गया. कस्बे की सड़कों पर नावों से आवाजाही हुई. नाव के जरिए लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया.
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बिजौलिया व मांडलगढ़ क्षेत्र का दौरा किया. उन्होंने बताया कि तिलस्वां में 40 लोगों को सामुदायिक भवन में ठहराया है. इनके खाने व रहने के इंतजाम किए हैं. सिविल डिफेंस व एसडीआरएफ टीम बिजौलिया में मौजूद है. तिलस्वां महादेव में रविवार देर रात से हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालत बने हैं. ऐरू नदी 8 फीट ऊंचाई से चल रही है. इससे सड़क व महादेव मंदिर में 4 से 5 फीट पानी भर गया. जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया.
तिलस्वां में सोमवार को उमड़ती है भीड़: तिलस्वां महादेव मंदिर में सावन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है. सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का अभिषेक करने आते हैं. रविवार रात से हुई भारी बारिश से श्रद्धालुओं का तिलस्वां महादेव जाने के सारे रास्ते अवरुद्ध हो गए. इसी के साथ ही मेनाल और निकटवर्ती भीमलत झरना बह रहा है. कांस्या चौकी प्रभारी नरेश सुखवाल ने मौके पर हालात का जायजा लिया. ग्रामीणों ने ट्रस्ट की ओर से धर्मशालाओं पर लगाए ताले रात में खुलवाए व पहले से आए श्रद्धालुओं को ठहराया.
कहां कितने बरसे बदरा: भीलवाड़ा सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सोजी सिंह प्रतिहार ने बताया कि बीते 24 घंटे में जेतपुरा बांध पर 235, काछोला में 161, जहाजपुर में 152, बिजौलियां में 136 व तिलस्वां क्षेत्र में 135 मिमी बारिश हुई. त्रिवेणी नदी तीव्र वेग से बह रही है, जिसका पानी बीसलपुर बांध पहुंचता है.
स्कूलों में दो दिन की छुट्टी: इधर, मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के चलते कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने सोमवार व मंगलवार को जिले के तमाम सरकारी व निजी विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया.




















