कुचामन सिटी: डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर क्षेत्र के सिटावट में युवक रिछपाल मेघवाल (22) की संदिग्ध हालात में मौत के बाद तीन दिन चला धरना रविवार देर रात समाप्त हो गया. युवक का शव खेत में मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए न्याय की मांग की थी.रविवार शाम नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की दखल से पीड़ित परिवार और प्रशासन के बीच सुलह वार्ता हुई. प्रशासन ने हत्या और SC/ST एक्ट में मामला दर्ज कर मृतक के परिवार को 15 लाख रुपए मुआवजा देने और SIT जांच की घोषणा की, तब रात 11 बजे धरना समाप्त हुआ.
सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि प्रशासन ने पीड़ित परिवार की सभी मांगें मान ली है. मुकदमा दर्ज हो गया है. SIT जांच भी शुरू होगी. हमारी प्राथमिकता है कि पीड़ित परिवार को समय रहते न्याय मिले. इससे पहले तनावपूर्ण हालात के बीच धरनास्थल पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा.रविवार शाम सांसद बेनीवाल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की. मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने और एएसपी के निर्देशन में SIT गठित करने पर सहमति बनी.
ये मांगें मानी
- मुकदमा दर्ज किया
- SIT जांच होगी
- सहायता राशि जल्द दिलवाएं
ये था मामला: एडीएम राकेश गुप्ता ने बताया कि पिता चैनाराम ने रिपोर्ट दी थी कि रिछपाल रात 8 बजे अपने चाचा को बाइक देने गांव वस्ती की ओर निकला, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा. परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद आया. छोटे बेटे मनीष को तलाश के लिए भेजा, लेकिन कोई सूचना नहीं मिली. गांव में जानकारी करने पर कुछ ग्रामीणों ने खोजबीन में मदद की. जब कुछ लोग खेत गए तो वहां शव मिला.




















