डूंगरपुर: जिले की दोवड़ा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपए की ब्राउन शुगर जब्त की है. नाकेबंदी के दौरान एक लग्जरी कार को रोका गया, जिसमें कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर शाकिर और उसकी प्रेमिका जयश्री सवार थे. कार की तलाशी लेने पर शाकिर के कपड़ों में छिपाकर रखी गई 354.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई केस: डूंगरपुर एसपी मनीष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत दोवड़ा में नाकेबंदी की जा रही थी. एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर जांच की गई तो उसमें बैठे शख्स ने अपना नाम शाकिर पुत्र इश्तियाक खान निवासी फरासवाड़ा, कोतवाली थाना बताया. उसके साथ एक युवती भी थी.
तलाशी में शाकिर के कपड़ों के बीच छिपाकर रखी ब्राउन शुगर बरामद हुई. जब्त माल का वजन 354.20 ग्राम निकला, जिसकी बाजार कीमत करीब 75 लाख रुपए है.। शाकिर कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पहले से 5 मुकदमे दर्ज हैं. इसके अलावा आर्म्स एक्ट और मारपीट के भी केस दर्ज हैं. पुलिस ने NDPS एक्ट में मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हैय फिलहाल उनसे यह पूछताछ की जा रही है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे कहां तस्करी की जा रही थी.
एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन में 84 अपराधी गिरफ्तार: इसी बीच जिलेभर में ऑपरेशन एरिया डॉमिनेशन के तहत डूंगरपुर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है. एसपी मनीष कुमार ने बताया कि फरार व वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस की 52 टीमों ने 12 घंटे में 362 जगहों पर दबिश दी. इस दौरान 84 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 10 स्थायी वारंटी व उदघोषित अपराधी शामिल हैं, जबकि आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट, हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में फरार 5 आरोपियों को भी दबोचा गया है. इसके अलावा विभिन्न धाराओं में कुल 22 और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और 70 वाहन जब्त किए गए हैं.




















