जयपुर: राजधानी की छोटी चौपड़ पर तीज माता की सवारी के दौरान आज शाम पहली बार भव्य महाआरती होगी. जयपुर में 27-28 जुलाई को भव्य तीज महोत्सव किया जा रहा है. उप मुख्यमंत्री व पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए तीज को परंपरा, श्रद्धा और उत्सव का प्रतीक बताया.
आज शाम तीज की शाही सवारी: रविवार शाम तीज की शाही सवारी सिटी पैलेस (जनानी ड्योढ़ी) से शुरू होगी. शाही सवारी त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़, गणगौरी बाजार होते तालकटोरा पर संपन्न होगी. इसमें ऊंट, बैलगाड़ी, बग्घी, नर्तक दल, लोक कलाकार और पारंपरिक वाद्य यंत्र शामिल होंगे. पौण्ड्रिक उद्यान, तालकटोरा में दोपहर 12:00 से रात 10:00 बजे तक क्राफ्ट एंड फूड बाजार खुलेगा. विभिन्न जिलों के शिल्पकारों की प्रदर्शनी, राजस्थानी व्यंजन और लोक प्रस्तुतियां खास आकर्षण होगी. देश-विदेश के पर्यटकों भी पहुंचेंगे. सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. हर मार्ग और प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच की जाएगी. उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने छोटी चौपड़ पर बना रहे डम और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से मौके पर चर्चा की. दीया ने कहा कि यह टूरिज्म के हिसाब से ऑफ सीजन है, लेकिन हमारा प्रयास कि ऑफ सीजन में भी पर्यटक आए. झूले, मेहंदी और घेवर के साथ अन्य राजस्थानी व्यंजन आकर्षण होंगे. राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई एंबेसेडर को भी तीज फेस्टिवल के लिए न्योता दिया गया है.
हेरिटेज निगम ने मनाया सिंजारा तीज महोत्सव: उधर, नगर निगम हेरिटेज ने शनिवार शाम सिंजारा तीज महोत्सव मनाया. महापौर कुसुम यादव के नेतृत्व में आदर्श नगर के दशहरा मैदान में महोत्सव में राजस्थानी संस्कृति और परंपरा की झलक दिखी. निगम की सांस्कृतिक समिति की चेयरमैन ज्योति चौहान ने बताया कि महोत्सव में राजस्थानी संस्कृति और सभ्यता दर्शाई व मेंहदी, साफा बंधाई, लहरिया सरीखी कई प्रतियोगिताएं हुई. हेरिटेज के चैयरमैन, पार्षद, निगम अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए. हरियाली तीज पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए.




















