सिंघाना: क्षेत्र के सांवलोद में भारतीय सेना के दिवंगत जवान धर्मेंद्र नेहरा की अंतिम यात्रा में उस वक्त अफरातफरी में मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया. इसमें 34 लोग घायल हो गए, इनमें कुछ स्कूली बच्चे शामिल हैं, जो जवान को अंतिम विदाई देने स्कूल गेट पर खड़े थे.
दिवंगत जवान के चचेरे भाई ओमप्रकाश नेहरा ने बताया कि अंतिम यात्रा जैसे ही गांव के सरकारी स्कूल के पास पहुंची तो वहां पर पेड़ पर लगे छत्ते से मधुमक्खियां उड़कर ग्रामीणों पर टूट पड़ी. मधुमक्खियां के हमले में करीब तीन दर्जन लोग घायल हो गए, जिनको सांवलोद के सरकारी अस्पताल ले गए. मधुमक्खियों ने जवान को अंतिम सलामी देने के लिए स्कूल गेट पर खड़े स्कूली बच्चों को भी चपेट में ले लिया. भगदड़ मच गई. घायलों में जवान के परिजन, रिश्तेदार, ग्रामीण और स्कूली बच्चे शामिल हैं. सांवलोद के सरकारी अस्पताल के प्रभारी एल कुमार ने बताया कि मधुमक्खियां के हमले से घायल 34 जने अस्पताल आए, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया.
ड्यूटी के दौरान निधन: धर्मेंद्र का बेंगलूरु में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया था. निधन की खबर से गांव में शोक की लहर थी. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्कूली छात्र शामिल हुए. अंतिम यात्रा से पहले जवान की तिरंगा यात्रा भी निकाली गई. जवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. बेटे ने मुखाग्नि दी. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे संवेदनशील स्थलों पर पेड़ों की समय-समय पर जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.




















