कोटा: नीट यूजी 2025 के परिणाम के आधार पर मेडिकल काउंसिल कमेटी (MCC) ने सेंट्रल काउंसलिंग के जरिए एमबीबीएस एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिसके तहत कैंडिडेट को 28 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन करवाना था, लेकिन अब मेडिकल काउंसिल कमेटी ने इस तारीख को बढ़ा दिया है. अब कैंडिडेट 31 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे. इसके साथ ही चॉइस फिलिंग भी 31 जुलाई तक होगी. वहीं सीट अलॉटमेंट का परिणाम 3 या 4 अगस्त को जारी किया जाएगा.
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि ऑल इंडिया 15 फीसदी कोटा एमबीबीएस-बीडीएस काउंसलिंग के तहत राउंड-1 का शेड्यूल बदला है. इस संबंध में शनिवार को एमसीसी ने नोटिफिकेशन जारी किया. नए शेड्यूल के अनुसार चॉइस लॉकिंग की सुविधा अब 31 जुलाई शाम 4 बजे से शुरू होगी और रात 11:55 बजे पर खत्म होगी. विद्यार्थी इस समय सीमा में ही चॉइस लॉकिंग के प्रयास करें. चॉइस लॉकिंग की समय सीमा समाप्त हो जाने पर कैंडिडेट की भरी गई चॉइस ऑटो लॉक हो जाएगी. देव शर्मा ने बताया कि इस दौरान राज्यों की भी 85 फीसदी एमबीबीएस-बीडीएस स्टेट काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की संभावना है.
री-सेट रजिस्ट्रेशन पर दोबारा देनी होगी फीस: देव शर्मा ने बताया कि कैंडिडेट ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में भूल सुधार के लिए दी जा रही रिसेट रजिस्ट्रेशन सुविधा का उपयोग अब 31 जुलाई सुबह 10 बजे तक कर सकते हैं. कैंडिडेट रीसेट रजिस्ट्रेशन की सुविधा का उपयोग सोच समझकर करें, क्योंकि काउंसलिंग-ब्रोशर में उपलब्ध फ्रिक्वेंटली आस्कड क्वेश्चन (एफएक्यू) के अनुसार रिसेट रजिस्ट्रेशन सुविधा का उपयोग करने के बाद कैंडिडेट को दोबारा रजिस्ट्रेशन करना होगा. रजिस्ट्रेशन फीस भी दोबारा जमा करनी होगी.
अब यह रहेगा पहले राउंड का शेड्यूल:
- रजिस्ट्रेशन : 31 जुलाई दोपहर 12:00 बजे तक
- फीस भुगतान: 31 जुलाई दोपहर 3:00 बजे तक
- रिसेट चॉइस फिलिंग : 31 जुलाई रात 11:55 बजे तक
- चॉइस लॉकिंग : 31 जुलाई शाम 4:00 से रात 11:55 बजे तक
- सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया: 1 और 2 अगस्त
- अलॉटमेंट रिजल्ट: 3 या 4 अगस्त
- रिपोर्टिंग और जॉइनिंग: 4 से 8 अगस्त




















