झालावाड़ : पिपलोदी स्कूल हादसे में मृतक बच्चों के परिजनों को 10-10 लाख रूपए का मुआवजा देने की घोषणा की गई है. साथ ही, मृतक बच्चों के एक परिजन को संविदा पर नौकरी भी दी जाएगी. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नए विद्यालय भवन में कक्षा कक्षों का नाम मृतक बच्चों के नाम पर रखा जाएगा ताकि उनकी यादें हमेशा ताजी रहें. घटना के बाद घायल हुए बच्चों का इलाज झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में चल रहा है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अस्पताल में भर्ती 11 घायल बच्चों से मुलाकात की और उनके परिजनों से बातचीत की. उन्होंने बताया कि मृतक बच्चों के परिवार को पूरी सहायता दी जाएगी और किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी.
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घायल बच्चों से की मुलाकात : झालावाड़ मनोहर थाना कस्बे के पीपलोदी गांव में हुए हृदय विदारक हादसे के बाद प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर गंभीर रूप से घायल बच्चों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे इस दौरान शिक्षा एवं पंचायत राज्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती सभी 11 बच्चों व उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. इससे पहले मदन दिलावर मनोहर थाना के पीपलोदी गांव में पहुंचे जहां जाकर उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात की तथा परिजनों को सांत्वना देकर दुख कि इस घड़ी में प्रदेश सरकार की तरफ से हर संभव मदद देने का विश्वास दिलाया. वही पीपलोदी गांव में एक करोड़ रुपए की लागत से भव्य स्कूल बनाने का निर्णय लिया गया है. इस विद्यालय भवन में कक्षा कक्षों का नाम मृतक बच्चों के नाम पर रखा जाएगा.
मनोहरथाना ब्लॉक के स्कूलों में शनिवार का अवकाश : स्कूल भवन हादसे के बाद, जिला कलेक्टर ने मनोहरथाना ब्लॉक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शनिवार का अवकाश घोषित किया है. मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने इस आदेश की जानकारी दी, इस दिन, मनोहरथाना ब्लॉक के स्कूलों में छुट्टी रहेगी, जबकि अन्य क्षेत्रों में स्कूल सामान्य रूप से खुलेंगे. बता दें कि झालावाड़ जिले के पीपलोदी में स्कूल की छत गिरने से 7 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा बच्चे घायल हैं. इस बीच शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पिपलोदी स्कूल में कार्यरत सभी शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है. मदन दिलावर के ओएसडी सतीश गुप्ता ने बताया कि मंत्री ने सभी शिक्षकों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए हैं.
प्रत्यक्षदर्शी छात्रा रीना का वीडियो सोशल साइट पर वायरल : स्कूली हादसे के बाद पीपलोदी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्रा रीना का वीडियो सोशल साइट पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें रीना ने बताया की स्कूल की बिल्डिंग गिरने से पहले कुछ कंकड़ नीचे की ओर गिरने लगे जब इसके बारे में उन्होंने टीचर को बताया तो उन्होंने उसे अनसुना कर दिया. बाद में वह किसी तरह वहां से निकल गई जो बच्चे अंदर रह गए वह बिल्डिंग में दब गए.
वहीं सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी और सरकारी भवनों की मरम्मत के लिए समय-समय पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है. सभी जिला अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रदेश का एक भी स्कूल भवन जर्जर हालत में ना हो. कोई भी ऐसी बिल्डिंग नहीं हो, जिसमें इस तरह के हादसा हो सके. इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है. सरकार इसको लेकर पूरी तरीके से गंभीर है. जो घटना हुई है, इसकी उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं. जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सीएम ने कहा कि इस हादसे में जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खोया है, उसकी भरपाई तो नहीं हो सकती, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस तरह का हादसा दोबारा नहीं हो.




















