दौसा : प्रदेश में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है. ऐसे में अलवर से जयपुर के लिए पैदल निकले कुछ छात्र नेताओं ने बांदीकुई के कोलाना में स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताते हुए छात्र संघ चुनाव की मांग की है. साथ ही पानी की टंकी पर चढ़कर अपनी मांग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वायरल वीडियो के अनुसार विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने कहा है कि जब तक हमारी मांग नहीं मानी जाती, तब तक हम पानी की टंकी से नहीं उतरेंगे.
एसडीआरएफ टीम ने जाल बिछाया : छात्रों के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलने के बाद सिविल डिफेंस की टीम और भारी पुलिस बल की मौके पर तैनाती की गई है. बांदीकुई डीएसपी रोहिताश देवंदा ने बताया कि अलवर से जयपुर जा रहे एनएसयूआई के छात्र पानी की टंकी पर चढ़े हैं, जिन्हें नीचे उतारने के लिए समझाइश की जा रही है. सुरक्षा के लिहाज से पानी की टंकी के नीचे एसडीआरएफ टीम की ओर से जाल बिछाया गया है. समझाइश के बाद छात्रों को नीचे उतारा जाएगा.
बता दें कि, अलवर जिला एनएसयूआई के छात्र नेता छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर जयपुर पैदल जा रहे थे. इस दौरान तीन छात्र नेता बांदीकुई के कोलाना में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए. ऐसे में छात्रों के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलने से स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. बांदीकुई डीएसपी रोहिताश देवंदा सहित बसवा थाना प्रभारी सचिन शर्मा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच गए, जहां प्रदर्शनकारियों को पानी की टंकी से नीचे उतारने के लिए समझाइश की जा रही है.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे मांग : टंकी पर चढ़े छात्र नेता विनोद जाटव ने वीडियो में झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से हुई घटना पर भी गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए देने की मांग की है. साथ ही घटना को लेकर और छात्र संघ चुनाव नहीं कराने को लेकर शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की है. पानी की टंकी पर चढ़े युवकों ने कहा कि राजस्थान की सरकार इतनी निकम्मी सरकार हो चुकी है कि छात्र हितों के लिए कुछ सोचती ही नहीं है. 24 जुलाई को अलवर से जयपुर के लिए चले थे. रास्ते में हमको रोकने का प्रयास किया. बांदीकुई पहुंचते ही पानी की टंकी पर चढ़ गए.
छात्र संघ चुनावों को करे बहाल : छात्र नेता अंकित गुर्जर ने राजस्थान में कई वर्षों से बंद पड़े छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि हमारी मांग पूरी नहीं होगी तब तक हम उतरने वाले नहीं हैं. अंकित गुर्जर ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो बनाया कर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि हम छात्र संघ को लेकर पैदल यात्रा पर चल रहे थे और पुलिस हम पर दबाव बना रही है.




















