बूंदी: युवा नेता नरेश मीणा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वायरल हुए एक वीडियो में नरेश मीणा द्वारा गुर्जर समाज के बारे में की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी से गुर्जर समाज में रोष फैल गया है. गुरुवार देर रात बूंदी के सदर थाने में श्रीदेवनारायण गुर्जर विकास समिति के महासचिव मुकेश गुर्जर द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
सदर थाना प्रभारी रमेश कुमार आर्य ने बताया कि मीणा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि एफआईआर में शिकायतकर्ता मुकेश गुर्जर ने आरोप लगाया कि 24 जुलाई, 2025 को सोशल मीडिया पर नरेश मीणा का एक वीडियो उनके मोबाइल पर आया. इसमें मीणा कोटा-बूंदी के गुर्जर समाज के लोगों के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग करते हुए सुनाई दे रहे हैं. साथ ही चुनाव में प्रहलाद गुंजल का साथ नहीं देने पर भी नाराजगी जता रहे थे इसके अलावा उन्होंने अन्य आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया.
मुकेश गुर्जर ने आरोप लगाया कि इस तरह के घृणित भाषण से सम्पूर्ण गुर्जर समाज का अपमान हुआ है और नरेश मीणा का उद्देश्य सस्ती लोकप्रियता हासिल करना प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि मीणा द्वारा जातियों और समुदायों के बीच सौहार्द को भंग करने वाली टिप्पणियां की गई हैं, जिससे समाज में घृणा और वैमनस्य फैलने का खतरा है.
मामले की जांच शुरू: सदर थाना प्रभारी आर्य ने बताया कि मुकेश गुर्जर की शिकायत पर नरेश मीणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 196(1)(a) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच थाने के उपनिरीक्षक नरेंद्र सुन्दरीवाल को सौंपी गई है. बता दें कि युवा नेता नरेश मीणा एसडीएम थप्पड़ कांड और समरावता हिंसा प्रकरण में लंबे समय तक जेल में रहने के बाद हाल ही में न्यायालय से जमानत पर रिहा हुए थे.




















