जैसलमेर: जिले के सबसे बड़े टूरिस्ट हॉटस्पॉट सम सैंड ड्यून्स में जीप सफारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया. रेतीले धोरों पर दौड़ रही तेज रफ्तार जीप अचानक स्लाइड होते हुए पलट गई. इसमें 62 वर्षीय महिला पर्यटक की मौत हो गई, जबकि जीप सवार 3 लोग घायल हो गए. ये सभी महाराष्ट्र के नासिक से घूमने आए थे. घायलों को जैसलमेर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
कोतवाली थाना पुलिस के जवान राजकुमार ने बताया कि नासिक के पर्यटकों का दल सम पहुंचा, जहां कैंपिंग और जीप सफारी के दौरान हादसा हुआ. दल निजी कैंप से बुक जीप में सफारी कर रहा था. जीप में क्षमता से ज्यादा करीब 9 पर्यटक सवार थे. जीप ऊंचे रेतीले टीले पर तेज गति से चढ़ रही थी, तभी संतुलन बिगड़ गया. जीप पीछे फिसली और तेजी से पलट गई. पर्यटक जीप के नीचे दब गए. मौके पर चीख-पुकार मच गई. आशा नेवरा पुत्री बसंत नेवरा जीप के नीचे दब गई.
उन्हें निकालने में समय लग गया. आशा की मौके पर ही मौत हो गई. अन्य घायलों को स्थानीय लोगों और कैंप स्टाफ की मदद से निकाला और तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया. मौके पर अफरा-तफरी मच गई. तीन महिलाएं घायल हैं. उधर, सैलानी दल एवं प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ड्राइवर की लापरवाही और अति आत्मविश्वास से हादसा हुआ. ड्राइवर को कई बार धीमे चलाने को कहा, लेकिन तेज रफ्तार और स्टंट दिखाने की कोशिश में हादसा हुआ. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया. उससे पूछताछ जारी है.
नियमों की पालना नहीं: स्थानीय लोगों ने बताया कि राजस्थान पर्यटन निगम के दिशा-निर्देश की पालना नहीं हो रही. निगम ने हर जीप में अधिकतम 6 पर्यटकों की अनुमति, सीट बेल्ट का उपयोग और प्रशिक्षित ड्राइवर की तैनाती जैसे निर्देश दे रखे हैं, लेकिन इनकी पालना नहीं हो रही. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.




















