सीकर: जिला पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 किलो 770 ग्राम अवैध अफीम, 1.5 लाख रुपए नगद और एक लग्जरी फॉर्च्यूनर गाड़ी जब्त की है. इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज कुमार (उम्र 33 वर्ष) पुत्र चिमनाराम को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि उसका साथी हरी बाठोद अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया. पकड़ी गई अफीम की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए बताई जा रही है. यह कार्रवाई पुलिस थाना सदर सीकर और डीएसटी टीम के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई.
नाकाबंदी देख भगाई एसयूवी: पुलिस थाना सदर के थानाधिकारी इन्द्रराज मरोड़िया ने बताया कि सांवली चौकी और मेडिकल कॉलेज के सामने विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया. नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की लक्जरी एसयूवी को रोकने पर चालक ने गाड़ी तेजी से जयपुर-बीकानेर बाइपास की ओर भगा दी. फॉर्च्यूनर चालक की हरकत संदिग्ध लगने पर उसका पीछा करने का आदेश दिया और कंट्रोल रूम को अलर्ट जारी किया. जयपुर-बीकानेर बाइपास, धोद, लोसल, नेछवा, लक्ष्मणगढ़, डीडवाना-कुचामन जिले तक सूचना भेजकर नाकाबंदी करवाई गई.
घेराबंदी कर पकड़ा: उन्होंने बताया कि जब फॉर्च्यूनर टाटनवा-नेतड़वास की ओर भाग रही थी, पुलिस ने सेवा-तासर रोड पर उसे घेरने की तैयारी कर ली. जैसे ही फॉर्च्यूनर गाड़ी सेवा-तासर रोड पर पहुंची, सामने से डीएसटी और सदर थाना पुलिस की गाड़ियां आ गई. फॉर्च्यूनर चालक ने गाड़ी को रिवर्स कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस गाड़ियों ने टक्कर मारकर गाड़ी को रोक दिया. पुलिस की सतर्कता और हिम्मत के आगे तस्कर की हर चाल नाकाम हो गई.
गाड़ी को किया जब्त: थानाधिकारी इन्द्रराज मरोड़िया ने बताया कि सीकर जिले में अब तक इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की बरामदगी का यह पहला मामला है. बरामद अफीम की बाजार कीमत लगभग 40 लाख रुपए आंकी गई है. गिरफ्तार तस्कर मनोज कुमार पहले से ही पुलिस थाना सदर फतेहपुर में डोडाचूरा से संबंधित एक मामले में वांछित चल रहा था. उसके खिलाफ अपहरण और मारपीट के भी दो प्रकरण दर्ज हैं. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उसके कब्जे से 3 किलो 770 ग्राम अवैध अफीम और 1.5 लाख रुपए नगद तथा फॉर्च्यूनर गाड़ी को जब्त कर लिया.




















