अजमेर: कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व अजमेर जिला प्रभारी चेतन डूडी ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस की 100 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को बंद करने के लिए स्मार्ट मीटर लगवा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद साफ है कि आमजन को मिल रही इस सुविधा को खत्म किया जाए.
अजमेर में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में डूडी ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने से रीडिंग कम आने और बिजली बिल कम होने की धारणा गलत है, बल्कि सरकार की नीयत साफ है कि कांग्रेस की योजना को बंद किया जाए. डूडी ने भजनलाल सरकार पर निकाय व पंचायत चुनावों को लंबित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हाईकोर्ट में मामला लंबित है, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है. उन्होंने कहा कि सरकार की आमजन के प्रति कोई जवाबदेही नहीं है.
आरजीएचएस व चिरंजीवी योजना में किया बदलाव: कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि आरजीएचएस योजना में इतना बदल कर दिया है कि कई अस्पताल बंद होने के कगार पर हैं. साथ ही कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई 25 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की चिरंजीवी योजना को भी बंद कर दिया गया है. डूडी ने कहा कि प्रदेश में प्रशासन निरंकुश हो गया है. मंत्री खुद छापेमारी कर रहे हैं, जिससे साफ है कि प्रशासन सरकार के हाथ से निकल चुका है. उन्होंने बीजेपी सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि सत्यपाल मलिक जैसे नेताओं को किसानों की बात उठाने पर घर बैठा दिया गया.
अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार: अजमेर के एलिवेटेड ब्रिज पर दो साल में ही गड्ढे पड़ने को लेकर डूडी ने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर पैसा बर्बाद हुआ, लेकिन काम दिखाई नहीं देता.
बैकडोर एंट्री वालों पर निशाना: डूडी ने सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता का असली चेहरा वो लोग हैं जो सीएमओ में बैकडोर एंट्री लेकर बैठे हैं. इनका जनता से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में जनजागरूकता अभियान चला रही है ताकि लोगों को सरकार की नीयत के बारे में पता चल सके.




















