जयपुर: पर्यटन विभाग की ओर से इस बार तीज उत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा. इसके लिए तैयारियां जोरों पर है. जयपुर में 27 और 28 जुलाई को भव्य रूप से दो दिवसीय तीज उत्सव मनाया जाएगा. तीज उत्सव में राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति और परम्पराएं अद्भुत और आकर्षक रूप से प्रदर्शित होंगी. इसके तहत पौण्ड्रिक पार्क में तीज मेले का आयोजन भी किया जाएगा.
प्रमुख शासन सचिव पर्यटन राजेश यादव ने बताया कि इस बार 27 और 28 जुलाई को जयपुर में इस बार दो दिवसीय तीज उत्सव का आयोजन पहले से और अधिक भव्य और आकर्षक रूप में किया जाएगा. जिसमें राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति और परम्पराएं अद्भुत और आकर्षक रूप से प्रदर्शित होंगी. तीज उत्सव में जयपुर के आम नागरिक और देशी-विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में शामिल होंगे. तीज माता की शोभायात्रा में इस बार राजस्थान की लोक कलाओं में पारंगत लगभग 200 लोक-कलाकार अपनी कलाओं का प्रदर्शन करेंगे.
पौण्ड्रिक पार्क में तीज मेले का आयोजन: प्रमुख शासन सचिव राजेश यादव ने बताया कि इस बार पौण्ड्रिक पार्क में तीज मेले का आयोजन किया जाएगा. मेले में महिलाओं की ओर से तैयार सामान का क्राफ्ट मार्केट लगाया जाएगा. मेले में फूड स्टाल्स के साथ महिलाओं के लिए झूले, मेहंदी-मांडणे की व्यवस्था की जाएगी. पौण्ड्रिक पार्क में लोक कलाकारों की ओर से कला प्रदर्शन किया जाएगा. इसी प्रकार छोटी चौपड़ पर तीज माता की पूजा की जाएगी और कलाकारों की ओर से रोचक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी. ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पौण्ड्रिक पार्क में पौधारोपण किया जाएगा.
तीज माता की निकलेगी शाही सवारी: त्रिपोलिया गेट से तालकटोरा तक तीज माता की शाही सवारी निकलेगी. शोभायात्रा में लवाजमा के लिए हाथी, ऊंट, घोड़े, बैल, बैण्ड, शहनाई-नगाड़ा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. देशी-विदेशी पर्यटकों के बैठने के लिए टेरेस और बरामदों में बैठने की व्यवस्था करने, वहां टेंट और वाटर प्रूफ शामियाना भी लगवाने के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. इस बार तीज उत्सव का लाइव प्रसारण जयपुर शहर में स्थित स्क्रीन्स और सर्पूण राजस्थान में डीओआईटी के माध्यम से प्रसारण करवाया जाएगा.
जयपुर नगर निगम (हैरिटेज) आयुक्त को तीज माता की सवारी मार्ग में आने वाले पेड़ों की छटाई, बिजली के तार और अन्य झूल रहे केबल तारों को दुरस्त करवाने के निर्देश दिए गए हैं. उत्सव के पूर्व आवारा पशुओं की धरपकड़ किए जाने के निर्देश दिए. सवारी मार्ग पर चूने की लाइनिंग और जगह-जगह रंगोली बनाने का कार्य किए जाने के निर्देश दिए हैं. नगर के मुख्य दरवाजों सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, न्यू गेट, चांदपोल गेट पर विशेष रोशनी की व्यवस्था के साथ ही तालकटोरा और पालका बाग पर विशेष सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं.




















