श्रीगंगानगर : अनूपगढ़ क्षेत्र के 2 पी गांव में 50 साल से बंद पड़े सार्वजनिक रास्ते को खुलवाने गए प्रशासनिक दल पर एक परिवार के लोगों ने हमला कर दिया. उन्होंने पटवारी से हाथापाई की व कपड़े फाड़ दिए. तहसीलदार से भी अभद्रता की. इस सिलसिले में दो नाबालिगों समेत पांच लोगों को शांतिभंग के आरोप में पकड़ा है.
तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा ने बताया कि वे खुद पटवारी राजेश पायल, लखविंदर सिंह और पुलिस जाप्ते के साथ 50 वर्षों से बंद पड़े रास्ते को तहसील न्यायालय के आदेश पर खोलने 2 पी गांव पहुंचे थे. गांव में इस रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद था. करीब एक माह पहले ढाणी के लोगों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को शिकायत दी थी कि लालचंद व उसके पिता भीयाराम और भाइयों ने सार्वजनिक रास्ता बंद कर रखा है. इससे ग्रामीण, खासकर बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है. मामले की सुनवाई के बाद तहसील न्यायालय ने रास्ता खोलने के आदेश दिए और दोनों पक्षों को नोटिस जारी किए. इसके बावजूद लालचंद व उसके पिता ने रास्ता नहीं खोला. रास्ता खुलवाने जब प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचा तो लालचंद और भीयाराम ने रास्ता खोलने का विरोध किया.




















