दौसा : जिले के बांदीकुई उपखंड में एक गर्भवती महिला ने अपनी ननद के पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए बांदीकुई थाने में मामला दर्ज करवाया है. पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी जहीर अब्बास ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पीड़िता का मेडिकल परिक्षण करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बांदीकुई थाना क्षेत्र की निवासी पीड़िता महिला ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि मार्च माह में जीजा घर पर आए थे. इस दौरान घर पर सिर्फ सास-ससुर ही मौजूद थे. चाय बनाने के लिए रसोई में गई तो वो पीछे से आया रसोई में ही दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि उसके अश्लील फोटो वीडियो उसके फोन में है, अगर किसी को बताया तो इन्हें वायरल कर देगा. ऐसे में डर के कारण पीड़िता ने किसी को घटना के बारे में नहीं बताया.
पीड़िता का पति चलाता है किराए पर गाड़ी : पीड़िता ने बताया कि उसका पति जयपुर, जोधपुर की तरफ गाड़ी चलाता है, जिसके चलते अक्सर पति बाहर रहता है. 6 जुलाई को भी पति बुकिंग लेकर कहीं बाहर गए थे. इस दौरान वो घर में अकेली थी. इसका फायदा उठाकर आरोपी फिर घर आ गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.
5 माह के गर्भ को खत्म करने की दी धमकी : पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने 6 जुलाई को दुष्कर्म किया था. इस दौराव वो 5 माह की गर्भवती थी. आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि मामले के बारे में किसी को बताया तो गर्भ में पल रहे बच्चे को मार दूंगा. इससे पीड़िता घबरा गई और गुमसुम रहने लगी. पति के बार-बार दबाव डालने के बाद पीड़िता ने आपबीती सुनाई. पति के साथ पहुंची महिला ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.




















