कुचामन सिटी: डीडवाना शहर में सोमवार को आवारा श्वान ने जमकर दहशत फैलाई. श्वान ने शाम से लेकर देर रात तक करीब 24 लोगों को काट लिया. श्वान के शिकार बने लोगों का राजकीय जिला अस्पताल में इलाज कराया गया. इनमें महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग शामिल हैं. एक साथ डॉग बाइट के इतने केस आने पर जिला अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन का स्टॉक खत्म हो गया. बाहर से मंगवाकर घायलों को इंजेक्शन लगाए गए.
पीएमओ डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि श्वान के काटे सभी घायलों की स्थिति ठीक है. ज्यादातर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी है. श्वान के काटने के मामलों को देखते हुए बांगड़ अस्पताल में त्वरित चिकित्सा व्यवस्था की. श्वान के काटने के एक के बाद एक केस अस्पताल आने लगे तो अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को आपात स्थिति में बुलाया. घायलों को एंटी रेबीज इंजेक्शन व आवश्यक दवाएं दी. इन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी है. अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन खत्म हो गए तो बाहर मेडिकल स्टोर से मंगवाए गए.
श्वान ने अजमेरी गेट से लेकर भगत सिंह सर्किल, नागौरी गेट, बस स्टैंड, फव्वारा सर्किल और नागौर रोड जैसे प्रमुख इलाकों में राह चलते लोगों पर हमला किया. इसके शिकार लोगों में बाजार जा रहे लोगों के अलावा छात्र, महिलाएं भी बने. लोगों का आरोप है कि लिखित शिकायत देने के बावजूद नगरपरिषद और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है. स्थानीय लोगों की मांग है कि शहर में आवारा श्वानों की संख्या को नियंत्रित किया जाए और इनको जल्द पकड़कर उचित कार्रवाई की जाए. वहीं, डीडवाना नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह ने बताया कि आवारा श्वान के काटने का मामला सामने आया है. उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. दो दिन में सभी आवारा श्वान को पकड़ लिया जाएगा. इनके लिए पिंजरे भी बनवाए गए हैं।




















