श्रीडूंगरगढ़ में घूमचक्कर से करीब 3 किलोमीटर जयपुर की ओर सोमवार रात को दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें पांच जनों की मौत हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया है।श्रीडूंगरगढ़ घूमचक्कर से आगे तेज रफ्तार में दो स्विफ्ट डिजायर कार आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में अभयसिंह पुरा निवास करण, बिग्गा निवासी दिनेश जाखड़, श्रीडूंगरगढ़ निवासी मदन सारण और नापासर निवासी सुरेन्द्र कुमार, बिग्गा निवासी मनोज जाखड़ की मौत हो गई। कार में सवार नापासर निवासी संतोष कुमार, मल्लूराम, जितेन्द्र, लालचंद गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया।
दुर्घटना में दोनों कारों का केवल मलबा बचा। एक सवार ऐसा फंसा जिसे करीब एक घंटे की मशक्कत से निकाला जा सका। कार को क्रेन व गैस कटर की सहायता से काट कर फंसे सवार को निकाला जा सका। सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक सहित पूरी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने यातायात सुचारू करवाया। कार की हालत देख अधिकारी भी चकित रह गए। मौके पर आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ व डॉ एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार एम्बुलेंस लेकर पहुंचे। शहर के नजदीक होने के कारण बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और मदद का प्रयास किया।
रात्रि को जैसे ही हादसे की सूचना मिली वैसे ही आपणो गांव सेवा समिति एवं अब्दुल कलाम सोसायटी की एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्र के सेवादार भी मौके पर पहुंचे। मौके पर उपस्थित लोगों के अनुसार टक्कर आमने सामने की लग रही थी। अगर फ़ॉर लेन सड़क होती तो शायद हादसे में कमी आ जाये। बेहतर चिकित्सीय व्यवस्था एवं ट्रॉमा सेंटर की कमी भी लोगो को खली।




















