भरतपुर : जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के पिंगोरा गांव में रविवार रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. जमीन के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में एक भाई ने अपने ही छोटे भाई को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. आरोपी भी भागते समय बिजली के खंभे से टकराकर घायल हो गया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए भर्ती करवाया है.
लखनपुर थाने के एएसआई रामसहाय ने बताया कि मामला जमीनी विवाद का है. मृतक के भाई राजेंद्र उर्फ रज्जो ने पुलिस को बताया कि भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था और कई बार आपसी झगड़े भी हो चुके थे. मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और एफआईआर दर्ज कर घटना की पूरी जांच की जाएगी.
रास्ते में रोककर मारी गोली: भाई राजेंद्र उर्फ रज्जो ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है, जब दौलत रोज की तरह अपने पशुओं का गोबर डालने खेत की ओर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे उसके बड़े भाई बिजेंद्र ने उसे रोका और सीने में गोली मार दी. गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल दौलत ने हमलावर भाई को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण वह उसे पकड़ नहीं सका.
राजेंद्र ने बताया कि वारदात के वक्त आरोपी बिजेंद्र के साथ उसका बेटा नगेंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद था. गोली चलाने के बाद जब बिजेंद्र भागने लगा तो रास्ते में वह एक बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे वह भी घायल हो गया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. घटना की जानकारी मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा.




















