अलवर: शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में कटी घाटी के समीप रविवार को तेज रफ्तार ट्रक ने एक परिवार की तीन महिलाओं को टक्कर मार दी. इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों को घटना का पता लगते ही मौके पर पहुंचे व तीनों को अस्पताल ले गए. पीड़ित महिलाएं मध्यप्रदेश की निवासी हैं.
अरावली विहार थाना प्रभारी रामेश्वर लाल ने बताया कि कटी घाटी क्षेत्र में एक्सीडेंट की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर गई व जानकारी जुटाई. हादसे में तीन महिलाएं घायल हुईं, जिसमें एक की मौत हो गई. परिजनों के अनुसार ट्रक ने महिलाओं को टक्कर मारी. आसपास के सीसीटीवी फुटेज देख ट्रक की तलाश कर रहे हैं. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी.
महिलाओं के परिजन विकास कुशवाह ने बताया कि वे मध्यप्रदेश के निवासी हैं. काम की तलाश में कुछ साल पहले अलवर आए. अभी सनराइज रिसोर्ट में बेलदारी करते हैं. परिवार की तीन महिलाएं रविवार सुबह नित्य क्रिया के लिए रिसोर्ट के बाहर सड़क किनारे जा रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. साथी मजदूरों की मदद से तीनों को अस्पताल ले गए, जहां बबीता (30 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना में गंभीर घायल बेनी बाई को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया, जबकि जमना अलवर जिला अस्पताल में भर्ती हैं.




















