अजमेर: शहर के राम सेतु ब्रिज (एलीवेटेड ब्रिज) पर तेज रफ्तार वैन चालक ने तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद वैन चालक ब्रिज से नीचे हेड पोस्ट ऑफिस के दफ्तर की ओर कूद गया. ब्रिज से कूदे शख्स को नीचे खड़े पार्षद और अन्य लोगों ने नगर निगम के वाहन से जेएलएन अस्पताल पहुंचाया. वहीं ब्रिज के ऊपर वैन की टक्कर से घायलों को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई.
कोतवाली थाने के एएसआई सुखपाल ने बताया कि एलिवेटेड ब्रिज पर वैन चालक ने दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को टक्कर मार दी. स्कूटी पर एक महिला और एक बच्ची और एक बच्चा था, जो वैन की टक्कर से आगे की ओर उछल कर जमीन पर गिर गए. जिससे तीनों के चोट आई है. इस पहले उसने एक बाइक को टक्कर मारी थी. स्कूटी के टक्कर मारने के बाद उसने एक और बाइक के टक्कर मार दी. इसके बाद वैन चालक ब्रिज से नीचे कूद गया. चालक को हेड पोस्ट ऑफिस के बाहर ब्रिज के नीचे से घायल अवस्था में नगर निगम की गाड़ी से जेएलएन अस्पताल पंहुचाया. वैन चालक अंदर कोट इलाके का निवासी शेख अख्तर है. उसका अस्पताल में इलाज जारी है.




















