जयपुर: उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में एसओजी ने शुक्रवार को एक बड़ा खुलासा करते हुए आरपीएससी सदस्य रहे बाबूलाल कटारा के चालक के बेटे को गिरफ्तार किया है. बाबूलाल कटारा ने लीक पेपर अपने चालक के बेटे को दिलवाया था. जिसे पढ़कर उसने एसआई भर्ती की लिखित परीक्षा दी थी. हालांकि, शारीरिक दक्षता परीक्षा में फेल होने के कारण उसका अंतिम रूप से चयन नहीं हो पाया था. वह अभी राजस्व मंडल कार्यालय, अजमेर में निजी सहायक के पद पर लगा हुआ है. अब एसओजी के अधिकारी उससे पूछताछ में जुटे हैं.
जांच में सामने आया अजय का नाम-एसओजी: एटीएस के एडीजी वीके सिंह ने बताया कि एसआई भर्ती-2021 के पेपर लीक मामले में आरपीएससी सदस्य रहे बाबूलाल कटारा के तत्कालीन चालक नादान सिंह के बेटे अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया गया है. एसओजी की पड़ताल में सामने आए तथ्यों के आधार पर उसका नाम सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया है.
कटारा के सरकारी बंगले पर पढ़ा पेपर: जांच में सामने आया कि बाबूलाल कटारा ने एसआई भर्ती परीक्षा से पहले तीनों दिन की परीक्षा के पेपर के प्रश्न और उत्तर अपने भांजे विजय कुमार डामोर को रजिस्टर में लिखवाए थे. बाबूलाल कटारा के कहने पर अजय को तीनों दिन की परीक्षा के पेपर प्रश्नोत्तर उसके सरकारी आवास पर पढ़वाए गए थे. अजय सिंह ने लीक पेपर पढ़कर लिखित परीक्षा दी और 324.48 अंक हासिल किए. उसे हिंदी के पेपर में 174.28 और सामान्य ज्ञान के पेपर में 150.20 अंक मिले. उसने लिखित परीक्षा तो पास कर ली, लेकिन फिजिकल में फेल होने के कारण उसका अंतिम रूप से चयन नहीं हुआ.
अब तक 117 आरोपी गिरफ्तार: जांच में नाम सामने आने के बाद अजय प्रताप सिंह को एसओजी ने पूछताछ के लिए तलब किया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में अब तक 117 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मामले में जांच और अग्रिम अनुसंधान जारी है. इस मामले में बाबूलाल कटारा और उसके भांजे विजय डामोर को भी एसओजी पहले गिरफ्तार कर चुकी है.




















