जयपुर: प्रसिद्ध खोले के हनुमानजी मंदिर परिसर में रोपवे पर वन क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थी, जिसे वन विभाग ने बंद करवा दिया. यहां रेस्टोरेंट, बॉडी मसाज, फिश स्पा, स्काई साइकलिंग, जिपलाइन और प्रसाद की दुकान समेत कई गतिविधियां संचालित की जा रही थी. विभाग की कार्रवाई रात भर चली. विभाग की टीम ने मौके से काफी सामान जब्त किया. साथ ही फर्म संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया.
डीसीएफ विजयपाल सिंह ने बताया कि खोले के हनुमान मंदिर परिसर में अन्नपूर्णा माता मंदिर से वैष्णो देवी मंदिर तक रोपवे चलाया जा रहा है. यहां रोपवे कंपनी वन क्षेत्र में धड़ल्ले से गैर वानिकी गतिविधियां कर रही थी. इसकी शिकायत मिलने पर सीसीएफ (वन्यजीव) टी. मोहनराज के सुपरविजन में और सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) प्राची चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई.
टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो रोपवे स्थल पर रेस्तरां, जिपलाइन, फिश स्पा, बॉडी मसाज, प्रसाद की दुकानें, ह्यूमन गायरो, साइकिल 360, मसाज चेयर, स्काई साइकिल जैसी कई व्यावसायिक गतिविधियां संचालित पाई गईं. टीम ने मौके से इन सभी गतिविधियों में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर ली. विभाग ने फर्म रॉक इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपराइटर कैलाश खंडेलवाल के खिलाफ विभागीय एफआईआर दर्ज की है. मामले की जांच क्षेत्रीय वन अधिकारी जयपुर (प्रादेशिक) जितेन्द्र सिंह शेखावत को सौंपी गई है. यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही. कार्रवाई में रेंजर शुभम शर्मा, फॉरेस्टर रिंकू मीणा, सहायक वनपाल अभिषेक शेखावत, शंकरलाल मीणा और वनरक्षक दिनेश चौधरी भी मौजूद रहे. एसीएफ प्राची चौधरी व देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि वन क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां नहीं की जा सकती. ये अवैध मानी जाती है, इसलिए वन विभाग ने यहां कार्रवाई की है. अब एफआईआर दर्ज कर आगे जांच की जा रही है.




















