कोटा: जॉइंट सीट एलोकेशन ऑथोरिटी (JoSAA Counselling 2025) की काउंसलिंग के 6 राउंड पूरे हो गए हैं. यह काउंसलिंग लगभग समाप्त है. शेष बची हुई सीटों पर सेंट्रल सीट एलोकेशन बोर्ड (CSAB) काउंसलिंग करवाएगा. जोसा काउंसलिंग के 6 राउंड के बाद आईआईटी में एडमिशन की बात की जाए तो छात्र को 18979 रैंक पर भी बीटेक की सीट ऑफर की गई है. जबकि छात्रा को 26767 रैंक पर आईआईटी में सीट अलॉट की गई है.
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि छात्रों को सुपर न्यूमेरिक 20 फीसदी सीट्स से फायदा मिल रहा है. पहले छात्रों का रुझान नहीं होता था. इसके बाद इंजीनियरिंग के राष्ट्रीय संस्थानों में 20 फीसदी सीट्स रिजर्व की गई है, जिसके बाद संख्या बढ़ रही है. हालांकि, इसके फायदा भी उन्हें मिल रहा है और काफी निचली रैंक पर उनके एडमिशन हो रहे है. जबकि बीटेक के कोर्स में ही छात्रों की बात की जाए तो निचली आईआईटी में स्टूडेंट को काफी कम रैंक पर भी एडमिशन मिल जाता है.
छात्रा को 12896 पर तो छात्र को 7332 पर मिली कम्प्यूटर साइंस सीट : देव शर्मा ने बताया कि आईआईटी मुंबई में जहां पर कंप्यूटर साइंस की क्लोजिंग रैंक 66 रही है. इसी तरह से आईआईटी दिल्ली में 126, मद्रास में 171, कानपुर में 271, खड़कपुर में 466, रुड़की में 592, हैदराबाद में 673, गुवाहाटी में 792 और वाराणसी बीएचयू में 1489 रही है. इससे उलट आईआईटी भिलाई में छात्र को यह 7382 रैंक पर मिल गई है.
फीमेल कोटा सीट की बात की जाए तो आईआईटी बॉम्बे में 369, दिल्ली में 498, मद्रास में 866, कानपुर में 1109, खड़कपुर में 1908, रुड़की में 2047, हैदराबाद में 2121, गुवाहाटी में 2694 और आईआईटी वाराणसी बीएचयू में 3784 पर अलॉट की गई है. जबकि 12896 रैंक पर भी आईआईटी भिलाई की सीएस ब्रांच की सीट छात्रा को मिल गई है.
एनआईटी में JEE MAIN की AIR 1314967 पर भी सीट : नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी की बात की जाए तो होम स्टेट कोटा के तहत जेईई मेन की ऑल इंडिया रैंक 1314967 पर भी एनआईटी मिजोरम की मैकेनिकल इंजीनियरिंग की सीट एलॉट हुई है. जबकि फीमेल ओनली सीट पर होम स्टेट कोटा के तहत गर्ल्स स्टूडेंट को कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की सीट 1002085 पर एलॉट हुई है.
जबकि अदर स्टेट कोटा के तहत जेंडर न्यूट्रल कोटा के तहत एनआईटी में 61897 रैंक पर बीटेक कोर्स की क्लोजिंग रैंक रही है. वहीं, बीएसएमएस डुएल डिग्री कोर्स में 62338 है. फीमेल ओनली कोटा में बीटेक की क्लोजिंग रैंक 77665 है.




















