कोटा : कोटा में पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के समर्थक अभिमन्यु सुराणा को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रविंद्र त्यागी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें अभिमन्यु ने रविंद्र त्यागी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी थी.
इस मामले में कांग्रेसियों ने ही एसपी सिटी डॉ. अमृता दुहन से मिलकर कार्रवाई की मांग की. इसके बाद ही जवाहर नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता अभिमन्यु सुराणा को शांति भंग में पाबंद कर रही है. जवाहर नगर थाना पुलिस ने अभिमन्यु सुराणा को थाने बुलाकर हिरासत में लिया और शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया गया. मामला सोशल मीडिया पर लाइव आकर वीडियो वायरल करने से जुड़ा हुआ है. जिसमें कांग्रेस जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी को अभद्र भाषा का प्रयोग करना और जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा है. पुलिस अभिमन्यु सुराणा को न्यायालय में पेश करने के लिए पहुंचे, तब कांग्रेस के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए. यहां तक की विपिन बरथुनिया के नेतृत्व में कुछ लोगों ने झगड़ा करने की भी कोशिश की.
जवाहर नगर थाना अधिकारी राम लक्ष्मण गुर्जर ने बताया कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें एक परिवाद दिया था. जिसकी जांच चल रही है. इस मामले में फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर अभिमन्यु सुराणा को पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया गया था. इसके बाद उसे शांति भंग की धाराओं में पाबंद करवाया जाएगा. जिसके लिए गिरफ्तार भी किया है.
रविंद्र त्यागी के बयान से आहत था कार्यकर्ता : अभिमन्यु सुराणा पूर्व मंत्री शांति धारीवाल का समर्थक है. बीते दिनों रविंद्र त्यागी का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. जिसमें वह शांति धारीवाल व अन्य लोगों को लोकसभा चुनाव में हार के लिए जिम्मेदार बता रहे हैं. यहां तक की यह भी इस वीडियो में कह रहे थे कि हमारे नेता बिक गए थे. इसी बयान से अभिमन्यु सुराणा आहत हो गया था और वह रविंद्र त्यागी के खिलाफ बयान बाजी सोशल मीडिया पर कर रहा था. जिसमें घर से सोच समझ कर निकालने और किसी भी तरह की अनहोनी घटना घटित होने की बात कर रहे हैं. आपको बता दे कि रविंद्र त्यागी भी पहले शांति धारीवाल के समर्थक रहे है. बीते वर्तमान में वे भाजपा से कांग्रेस में आए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के साथ नजर आते हैं.




















