डूंगरपुर: राजस्थान के डूंगरपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सदर थाना क्षेत्र के मोकरवाड़ा गांव में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंक दिया. इस हादसे में चार साल के बेटे और दो महीने की बच्ची की डूबने से मौत हो गई, जबकि छह साल की बड़ी बेटी ने किसी तरह मां का हाथ छुड़ाकर भागकर अपनी जान बचा ली. सदर थाना क्षेत्र के मोकरवाडा गांव में ये हादसा महिला के घर से करीब 5 किमी दूर हुआ. घटना के बाद सनसनी फैल गई और लोग इकट्ठे हो गए. वही एसडीआरएफ की टीम ने 2 महीने की बच्ची का शव कुएं से निकाल लिया है, जबकि बेटे जीतू के शव को तलाश की जा रही है.
महिला गुमानपुरा पंचायत के एक गांव की रहने वाली है महिला ने अपने 3 बच्चों को लेकर घर से निकल गई. 5 किमी दूर मोकरवाडा गांव में नदी के किनारे एक बिना मुंडेर के कुएं के पास आकर महिला ने बेटे जीतू ओर 2 महीने की मासूम को कुएं में फेंक दिया. इसके बाद महिला अपनी 6 साल की बेटी उर्मिला को भी कुएं में फेंकने वाली थी. लेकिन वह मां का हाथ छुड़ाकर भाग गई. इस पर मां उसके पीछे दौड़ने लगी.
ये पूरी घटना आसपास खेतो में काम कर रहे लोगो ने देख ली. लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बच्ची को बचा लिया. वही कुएं में फेंके बच्चों को बचाने के लिए भी प्रयास शुरू कर दिए. लेकिन दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई. सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद 2 महीने की बच्ची के शव को कुएं से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 4 साल के जीतू के शव की तलाश की जा रही है. वहीं घटना के बाद मौके पर लोगो की भीड़ इकट्ठी हो गई. लोगो ने महिला को पुलिस के हवाले कर दिया. महिला ने बताया कि उसका 2 महीने पहले ऑपरेशन हुआ था. लेकिन इसके बाद से उसकी तबियत खराब रहने लगी और आराम नहीं हुआ. इस वजह से महिला अपने बच्चों समेत कुएं में कूदने के लिए आई थी. महिला का पति ऑटो चलाने का काम करता है.




















