जोधपुर: लूणी थाना क्षेत्र में कांकाणी के पास दाता मानसिंह सर्किल के पास गुरुवार सुबह एक महिला की मौत होने के मामले ने तूल पकड़ लिया. जब यह घटना हुई, तो उस समय दो सांड आपस में लड़ रहे थे. पुलिस का कहना है कि महिला सांडों की लड़ाई में चपेट में आने से मौत का शिकार हुई थी. जबकि ग्रामीणों का कहना है कि सांड लड़ रहे थे, उनसे बचने के लिए तेज गति से आ रही पुलिस की गाड़ी ने महिला को चपेट में ले लिया था. जिसके चलते उसकी मौत हुई. इसको लेकर हंगामा हो गया.
मौके पर लोगों ने महिला का शव नहीं लिया और सड़क पर धरना शुरू कर दिया. पूर्व विधायक महेंद्र सिंह विश्नोई मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से पूरी जानकारी. लूणी थानाधिकारी हनुवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि सड़क पर दो सांड लड़ रहे थे. इस दौरान एक महिला जस्सू कंवर (45) अपने मवेशियों को लेकर खेत में जा रही थी. सांड ने अचानक महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
लूणी थानाधिकारी हनुवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि सांडों ने पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मारी थी. जिससे पुलिस के चार जवान भी घायल हो गए. फिलहाल मौके पर लोग जमा हैं. महिला का शव नहीं उठाया गया है. जिसको लेकर समझाइश चल रही है. ग्रामीणों का कहना है कि मौके के सीसीटीवी से स्थिति साफ होगी.




















