जयपुर के मानसरोवर इलाके में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब मानसरोवर थाना पुलिस ने आतिश मार्केट स्थित SOH क्लब में चल रही अवैध शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया. इस कार्रवाई में पुलिस ने क्लब संचालक सहित कुल 64 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 47 युवक और 17 युवतियां शामिल हैं. यह छापेमारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीप्ति जोशी और थानाधिकारी लखन सिंह खटाना के नेतृत्व में की गई.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि SOH क्लब में रात 3 बजे के बाद भी अवैध रूप से पार्टी चल रही है, जिसमें शराब और हुक्का परोसा जा रहा था. इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. क्लब संचालकों ने पुलिस को चकमा देने के लिए मुख्य द्वार पर ताला लगा रखा था, ताकि बाहर से यह प्रतीत हो कि क्लब बंद है. लेकिन पुलिस ने पीछे के दरवाजे से प्रवेश कर सभी को रंगे हाथों पकड़ लिया. क्लब के अंदर युवक-युवतियां शराब के नशे में हुड़दंग मचाते पाए गए.
मिली थी गुप्त सूचना
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीप्ति जोशी ने बताया कि रात्रिकालीन गश्त के दौरान यह कार्रवाई की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि क्लब में नियमों का उल्लंघन कर देर रात तक पार्टी चल रही है. जांच के दौरान पता चला कि क्लब में शराब और हुक्का परोसने की कोई वैध अनुमति नहीं थी. पुलिस ने मौके से कई शराब की बोतलें और हुक्का उपकरण जब्त किए. गिरफ्तार किए गए लोगों पर शांतिभंग और अवैध शराब परोसने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.
युवक-युवतियां हुई अरेस्ट
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी 64 लोगों को मानसरोवर थाने में हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जांच में पता चला कि क्लब में मौजूद कई लोग नशे की हालत में थे. कुछ युवक-युवतियों ने पुलिस का विरोध भी किया लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया. क्लब संचालक के खिलाफ भी अवैध शराब परोसने और बिना अनुमति देर रात तक क्लब चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी. क्लब और बार मालिकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय के बाद परिसर बंद करें और किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल ना हो.




















