विश्व प्रसिद्ध खाटूश्याम जी मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश है. हाल ही में एक व्यापारी द्वारा श्रद्धालुओं से मारपीट का मामला सामने आया था, वहीं अब एक और घटना ने सबको हैरान कर दिया है. बाबा श्याम के दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु के साथ एक ऑटो चालक ने मारपीट की जानकारी के अनुसार, खाटूश्याम जी से रींगस के बीच किराए को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जो बाद में झगड़े और मारपीट में बदल गई.
महिला ने इस मामले की शिकायत रींगस थाने में दर्ज कराई है. घटना के बाद से ऑटो चालक फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटनाएं न सिर्फ मंदिर की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े लोगों में असुरक्षा की भावना भी बढ़ा रही हैं. प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग हो रही है.
दोस्तों के साथ आई थी खाटूश्याम जी के दर्शन करने
चित्तौड़गढ़ से आई सीमा और शबनम अपनी सहेलियों और बच्चों के साथ सोमवार रात बाबा श्याम के दर्शन के लिए आई थीं. दर्शन के बाद रात को लेट होने के कारण वह वहीं पर रुक गई. इसके बाद मंगलवार सुबह दर्शन के बाद वे निजी वाहन से रींगस रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होना था. तभी वाहन चालक ने छोटे बच्चे के किराए को लेकर विवाद शुरू कर दिया है. बात इतनी बढ़ गई कि चालक ने महिला को 5 से 7 थप्पड़ मार दिए जिससे उसका मुंह सूज गया और वह घायल हो गई. इस दौरान जब महिला ने पुलिस को फोन किया तो ऑटो चालक मुकेश से फरार हो गया. पुलिस ने महिला का मेडिकल कर ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
श्याम भक्तों के साथ मारपीट और बदसलूकी के मामले बढ़े
आपको बता दें सोशल मीडिया पर श्याम भक्तों के साथ मारपीट और बदसलूकी के मामले वायरल होते रहते हैं. पिछले दिनों मध्य प्रदेश से आए एक परिवार के साथ खाटूश्याम जी के व्यापारी ने जमकर मारपीट की थी, जिसमें पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था. वहीं, खाटू श्यामजी मंदिर के सेवादारों ने एक स्थानीय एडवोकेट के साथ मारपीट का मामला भी सामने आया था. इसके बाद अब ताजा मामला ऑटो चालक द्वारा महिला के साथ मारपीट का आया है.




















