जयपुर : प्रदेश में एक बार फिर मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही बारिश परेशानी बनकर सामने आई है. इस दौरान प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि राज्य के कई हिस्सों में जल भराव मुसीबत बना हुआ है. मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार 14 जुलाई को हाड़ौती क्षेत्र के बारां, बूंदी, झालावाड़ और कोटा, उदयपुर संभाग के चित्तौड़गढ़ और राजसमंद, अजमेर संभाग के भीलवाड़ा के अलावा जोधपुर संभाग के पाली और सिरोही में मेघ गर्जन वज्रपात के साथ-साथ अति भारी बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में विभाग में रेड अलर्ट घोषित किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक अजमेर, नागौर, टोंक, उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़, जोधपुर संभाग मुख्यालय के अलावा जालौर जिले में भारी वर्षा की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर, अलवर, दौसा, जयपुर, झुंझुनू, सीकर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, धौलपुर और करौली जिले में येलो अलर्ट रहेगा. यहां मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना है.
अलग-अलग हादसों में 6 की मौत
प्रदेश में जारी बारिश के दौर के बीच हादसे जानलेवा साबित हो रहे हैं. भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर कस्बे में बकरियां चराने गए दो भाइयों की डूबने से मौत हो गई. दोनों भाई बरसाती नाले में बहते हुए पानी में डूब गए. वहीं, राजसमंद जिले के केलवाड़ा थाना इलाके के पीपला पंचायत क्षेत्र में भी एक हादसा पेश आया. यहां तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई. इसके अलावा ब्यावर कस्बे में भी मुंह के बल कीचड़ में गिरने से एक किशोर की मौत हो गई. रविवार रात से भरतपुर जिले में जारी बरसात के बीच रुदावल कस्बे में आकाशीय बिजली गिरने से दो मंजिला मकान धराशाई हो गया. इस हादसे में मकान के मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई.
राजसमंद में बारिश का कहर, दो कारें पानी में बही
राजस्थान के राजसमंद में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं. खमनोर थाना क्षेत्र के मचिंद गांव से भारी बारिश के बीच बड़ी खबर सामने आई है. देर रात 3 बजे से लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है. बरसात के पानी के तेज बहाव में दो कारें मकान के बाहर से बह गईं.
हाड़ौती में भी पानी-पानी
भारी बारिश का असर कोटा संभाग में भी दिख रहा है. बारां जिले में भारी बारिश के चलते किशनगंज क्षेत्र के कामठा में नदी के टापू पर एक ग्रामीण फंस गया, जिसे एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने रात साढ़े 11 बजे बाहर निकाला. वहीं, सोमवार सुबह राजस्थान रोडवेज कोटा डिपो की बस को चालक ने भंवरगढ़ में तेज बहाव में उतार दिया, जिससे काफी देर तक यात्री फंसे रहे. बाद में ट्रैक्टर और ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया. कोटा में देर रात से सुबह तक बारिश का दौर जारी रहा, जिससे कुछ इलाकों से जलभराव के भी समाचार आने लगे हैं. यहां भी आज मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है.
मारवाड़ में भी बरसे मेघ
पश्चिमी राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में भी रविवार से जारी बरसात के बाद जल भराव के हालात हो गए हैं. पाली में देर रात 3 बजे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से शहर में दो दर्जन से अधिक कॉलोनी में जलभराव की समस्या हो रही है. हाउसिंग बोर्ड से गुजरने वाला रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया है. लगातार बारिश को देखते हुए कई निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. शहर में रामदेव रोड, मंडिया रोड, आदर्श नगर, आशापुरा नगर, नयागांव रोड सहित विभिन्न स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा है. मूसलाधार बारिश के चलते शहर के केशवनगर इलाके में कॉलोनियां तालाब में तब्दील हो गई हैं. यहां सुबह 7 बजे तक 145 mm तक बारिश दर्ज की गई है.
जोधपुर में फिर बारिश का दौर
सूर्य नगरी जोधपुर में रविवार दोपहर से ही रुक-रुक कर बारिश का दौर चल रहा है. कई इलाकों में जल भराव से लोगों को परेशानी हुई थी. जोधपुर में एमडीएम रोड के हालात जल भराव के कारण इतनी विकट हो गए हैं कि यहां से वाहनों के साथ एंबुलेंस की भी राह गुजर मुश्किल हो गई है. रविवार को दोपहर बाद पावटा सैकेंड पोलो में जमीन धसने से मकान की दीवार गिर गई. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
भरतपुर में कॉलोनियां हुईं जलमग्न
भरतपुर शहर में लगातार बारिश के चलते बिगड़े हालात से शहर की प्रमुख कॉलोनियों में पानी भर गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. आलम यह है कि सड़कें तालाब में तब्दील होने के बाद लोग घरों में कैद हो गए हैं. संभाग के धौलपुर में भी बीती रात हुई बरसात के बाद कई इलाकों में जल भराव ने लोगों की राह गुजर मुश्किल कर दी.
बीसलपुर बांध से जुड़ा बड़ा अपडेट
जयपुर, अजमेर और टोंक जिले के एक करोड़ से ज्यादा लोगों के पेयजल लाइफ लाइन बीसलपुर बांध से भी आज सुबह खुशी की खबर आई. बांध प्रबंधन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह तक यहां जलस्तर 314.03 RL मीटर पहुंच गया. बांध पर पिछले 24 घंटे में 8 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई है. बांध में कुल भराव क्षमता का 73.62 प्रतिशत पानी आ गया है. स्थानीय बारिश के चलते जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बांध पर पिछले 24 घंटे में 3 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है. इस मानसून सीजन में अब तक यहां 427 MM बारिश हुई है. बांध के बहाव क्षेत्र में बह रही त्रिवेणी की ऊंचाई भी फिलहाल 2.60 मीटर पर है.
बंध बारेठा में जल की निकासी जारी
भरतपुर जिले के रुदावल में स्थित बंध बारेठा बांध के तीन गेट खोलकर पानी की निकासी जारी है. बांध का जल स्तर 28 फीट तक पहुंच गया है, जबकि बांध में कुल भराव क्षमता 29 फीट तक है. डांग क्षेत्र में रात को हुई मूसलाधार बारिश से बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. बांध पर सिंचाई विभाग के कर्मचारी और ASI भरत लाल मय पुलिस टीम हर पल नजर बनाए हुए हैं. वहीं, जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने आमजन से अपील की है कि पानी के रपट वाले मार्गों और जल भराव क्षेत्र में सावधानी से आवाजाही करें.
पांचना बांध से पानी निकासी
करौली जिले के सबसे बड़े पांचना बांध से दो गेट खोलकर जल निकासी जारी है. गेट नंबर 3 और गेट नंबर 4 से 900 क्यूसेक जल निकासी जारी है. बांध में रात को इनफ्लो बढ़ाने पर अल सुबह तक 4000 क्यूसेक जल निकासी की गई थी. अब बांध का जलस्तर 258 मीटर और इनफ्लो 900 क्यूसेक हो गया है. जाहिर है कि बांध की कुल भराव क्षमता 258.62 मीटर है. बांध का पानी गंभीर नदी से होकर भरतपुर के घना पक्षी विहार तक जाता है.
धौलपुर में पार्वती नदी उफान पर
जिले की पार्वती नदी में पानी की आवक अधिक होने की वजह से उफान पर है. सैंपऊ से बाड़ी मार्ग को जाने वाले पुराने पुल पर पानी की चादर चल रही है. लापरवाह लोग पानी की चादर चलने के बाबजूद भी पुराने पुल को क्रॉस कर रहे हैं. तहसीलदार नाहर सिंह ने बताया बारिश होने की वजह से पार्वती नदी उफान पर है. पुराने पुल पर पानी की चादर चल रही है. आवागमन के लिए नए पुल से लोग निकल रहे हैं. पुराने पुल पर पानी की चादर चलने से आवागमन को रोक दिया है. पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तैनात कर दी. बता दें कि करीब चार दिन पूर्व पार्वती नदी में नहाने के दौरान चार युवक डूब गए थे, जिनमें से तीन को बचा लिया, लेकिन एक युवक की मौत हो गई. लगातार हादसे होने के बावजूद लोग सबक नहीं ले रहे हैं.
उदयपुर में पानी में फंसी स्कूल बस
मावली तहसील के बोयणा गांव में सोमवार सुबह बारिश के चलते भरे पानी में स्कूली बच्चों से भरी बस रेलवे अंडरब्रिज में फंस गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंडरब्रिज में बारिश का पानी 5 फीट तक भरा हुआ था, जिससे बस का इंजन बीच में बंद हो गया और वाहन पूरी तरह से पानी में अटक गया. मौके पर ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बच्चों को बाहर निकालने में मदद की और एक बड़ा हादसा टल गया.




















