राजस्थान के बहुचर्चित 60 किलो हेरोइन तस्करी मामले में अब मनी लॉन्ड्रिंग की परतें खुलने लगी हैं। पंजाब पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जोधपुर तक जा पहुंची है, जहां से शुक्रवार को अशोक सिंधी उर्फ अशोक पंजाबी (25) को गिरफ्तार किया गया। अशोक, अंतरराष्ट्रीय नार्को हवाला नेटवर्क का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। इस मामले का सीधा जुड़ाव पाकिस्तान, कनाडा और दुबई से सामने आया है, जो देश में चल रहे नार्कोटिक्स सिंडिकेट की जड़ें उजागर करता है।
30 जून को बाड़मेर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास BSF, राजस्थान पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 60.302 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 420 करोड़ रुपए आंकी गई। मामले की जांच ने जैसे ही रफ्तार पकड़ी, पंजाब पुलिस को इस नेटवर्क में जोधपुर के हवाला कनेक्शन का सुराग मिला।
हवाला नेटवर्क में जोधपुर का नाम
सूत्रों के अनुसार, जोधपुर में राय बहादुर मार्केट में मोबाइल शॉप चलाने वाले लक्की उर्फ लक्ष्मण तिवारी को हवाला की रकम ट्रांसफर कराने का टास्क सौंपा गया था। जांच में पता चला कि तिवारी ने यह काम हवाला कारोबारी मनीष डागा के माध्यम से करवाया, जिसने बाद में इसे अशोक सिंधी उर्फ अशोक पंजाबी को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, अशोक के दुबई में कनेक्शन हैं और वहीं से वह हवाला ट्रांजैक्शन को ऑपरेट कर रहा था।
दुबई के रास्ते पाकिस्तान को पैसा ट्रांसफर
जांच में सामने आया कि हवाला का पैसा दुबई होते हुए पाकिस्तान तक पहुंच रहा था। यह रकम हेरोइन की डीलिंग के एवज में जोधपुर से अमृतसर भेजी जा रही थी। यह मनी लॉन्ड्रिंग ऑपरेशन ड्रग्स के पैसे को सफेद करने और उसे पाकिस्तान स्थित सप्लायर्स तक पहुंचाने की सुनियोजित साजिश का हिस्सा था।
मुख्य सरगना जेल से कर रहा था ऑपरेशन
सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड गुरसाहिब सिंह, पंजाब की गोइंदवाल साहिब जेल में बंद होने के बावजूद गिरोह का संचालन मोबाइल फोन से कर रहा था। जेल प्रशासन की मदद से उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया और उसे प्रोडक्शन वारंट पर पेश कर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गुरसाहिब कनाडा और पाकिस्तान में बैठे अन्य हैंडलर्स के लगातार संपर्क में था।
मनीष डागा फरार, घर पर दबिश
इस हवाला रैकेट में शामिल एक और आरोपी मनीष डागा, जो नागौरी गेट स्थित दामोदर कॉलोनी का निवासी है, पुलिस की दबिश से पहले ही अपने परिवार सहित फरार हो गया। उसकी तलाश में पंजाब पुलिस और राजस्थान पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
अब तक 10 गिरफ्तार, तस्करों का अंतरराज्यीय जाल
60 किलो हेरोइन केस में अब तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर से जुड़े कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें प्रमुख रूप से अमृतसर के गगनदीप सिंह, जशनप्रीत सिंह, कुलविंदर सिंह, गुरसाहिब सिंह, जम्मू-कश्मीर से राजीव पंजगोत्रा, सोमनाथ, पुरुषोत्तम सिंह उर्फ काला, रजिंदर कौर और अन्य हवाला ऑपरेटर शामिल हैं।
जांच एजेंसियों की सतर्कता बढ़ी
इस केस ने एक बार फिर ड्रग्स और हवाला के गठजोड़ की गंभीरता को उजागर किया है। सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय ऐसे सिंडिकेट न केवल देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि युवाओं को भी नशे की गिरफ्त में ले जा रहे हैं। पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद अब NCB, ED और राजस्थान ATS ने भी इस केस को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है।
यह केस अब केवल एक ड्रग तस्करी का मामला नहीं, बल्कि भारत-पाकिस्तान-कनाडा-दुबई के नेटवर्क को जोड़ने वाली खतरनाक चेन का हिस्सा बन चुका है, जिसकी जड़ें देश के कई राज्यों में फैली हुई हैं।




















