इटली की नामी होटल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से साढ़े दो लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 2 लाख रुपए महीना सैलरी का लालच देकर वीजा और कागजी कार्यवाही के नाम पर मोटी रकम ऐंठी। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने धमकी दी कि वह इटली चला जाएगा और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।
करणी विहार थाना पुलिस के अनुसार अजमेर के केकड़ी निवासी विशाल राव (28) ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। विशाल वर्तमान में जयपुर में जॉब कर रहा है। पुलिस को दी शिकायत में विशाल ने बताया कि जनवरी 2025 में उसकी मुलाकात पांच्यावाला बस स्टैंड पर विजेंद्र सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी।
इटली में नौकरी का लालच देकर झांसे में लिया
बातचीत के दौरान विजेंद्र सिंह ने खुद को इटली में जानकारियों वाला बताते हुए कई लोगों को वहां की होटलों में नौकरी दिलाने का दावा किया। उसने विशाल को भी एक फाइव स्टार होटल में 2 लाख रुपए महीना सैलरी वाली नौकरी का ऑफर दिया। बातों में आकर विशाल ने जनवरी में वीजा प्रोसेस और कागजी कार्रवाई के नाम पर 1.63 लाख रुपए दे दिए।
ब्लैंक डॉक्यूमेंट पर साइन और बार-बार पैसों की डिमांड
विशाल का आरोप है कि विजेंद्र और उसके साथियों ने वीजा प्रक्रिया में दिक्कत आने का हवाला देकर मार्च 2025 में 80 हजार रुपए और मांगे। बाद में 15 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवा लिए। इतना ही नहीं, उससे कुछ ब्लैंक दस्तावेजों पर भी साइन करवा लिए गए। बार-बार पैसों की डिमांड और वादे पूरे न होने से जब विशाल ने अपने 2.58 लाख रुपए वापस मांगे, तो विजेंद्र ने धमकी दी।
धमकी देकर बोला- मैं इटली चला जाऊंगा
विशाल के अनुसार आरोपी ने कहा, “मैं इटली चला जाऊंगा, तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।” जब पीड़ित को लगा कि उसके साथ धोखा हुआ है, तब उसने करणी विहार थाने में FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की लोकेशन और बैंक ट्रांजेक्शन को खंगाला जा रहा है। शुरुआती जांच में मामला संगठित ठगी और नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी का लग रहा है। आरोपी के नेटवर्क और साथियों की तलाश की जा रही है।




















