राजस्थान की भजनलाल सरकार पर हमलावर होते हुए राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ा बयान दे डाला। गहलोत बोले, हमारे वक्त में भी लोगों को तकलीफ थी। मैं इस बात को स्वीकार करता हूं। अपनी गलती स्वीकारने के बाद अशोक गहलोत ने मौजूदा भजनलाल सरकार पर जमकर निशाना साधा।
भजनलाल सरकार में हावी हुए बजरी माफिया
अशोक गहलोत बोले, मैं पहले ही कह चुका हूं कि इस सरकार में बजरी माफिया हावी हो गए। हैं। आज नीचे से ऊपर तक ऐसा सिस्टम बन गया है कि इन लोगों द्वारा न जाने कितने लोग कुचल कर मारे जा रहे हैं। पुलिस पर हमले हो रहे हैं। जो लोग इनके गैंग में शामिल नहीं हो रहे हैं, उन्हें कुचल रहे हैं। इतनी घटनाएं हो रही हैं कि उस पर रोक नहीं लग रही है।
अशोक गहलोत ने स्वीकारी अपनी गलती
बजरी बहुत महंगी मिल रही है। हमारे वक्त में भी लोगों को ये तकलीफ थी। मैं ये बात स्वीकार करता हूं। लेकिन, हमने इसे रोकने की पूरी कोशिश की। पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन को पूरी तरह पाबंद किया। गहलोत ने कहा कि इस बात का दुख है कि इस सरकार में ये बढ़ता ही जा रहा है। लूट मचा रखी है।
घूमना अच्छी बात है, लेकिन…
अशोक गहलोत ने कहा, मुख्यमंत्री को मैं कहना चाहूंगा आप ध्यान क्यों नहीं दे पा रहे हो? भई घूमना अच्छी बात है। आप दौरे करते हैं मैं उसको बुरा नहीं मानता। आप कितने भी दौरे करो, लेकिन दौरे करने के साथ-साथ गवर्नेंस भी तो करो। शासन भी तो करो भई। चोरी, डकैती, हत्या, रेप जैसी घटनाएं हो रही हैं।
बजरी के मुद्दे को बताया प्राथमिकता
बजरी अपने आप में ही प्रायोरिटी पर होनी चाहिए। एक मध्यम क्लास का व्यक्ति जो छोटा-मोटा मकान बनाता है, उसको बजरी इतनी महंगी मिलती है कि वो बेचारा क्या मकान बनाएगा। अशोक गहलोत ने कहा कि तकलीफ मध्यम परिवार के लोगों को हो रही है। ये तकलीफ सबको हो रही है। मुख्यमंत्री को उस पर ध्यान देना चाहिए।




















