बाड़मेर उण्डू में फतेहसिंहनगर स्थिति ब्राह्मणों की ढाणी में मंगलवार को एक परिवार के सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया। पति-पत्नी ने दो मासूम बेटों के साथ पानी से भरे टांके में कूदकर जान दे दी
मंगलवार को नगाराम पंडिताई के कार्य से घर से बाहर गए हुए थे और उनकी पत्नी छोटे बेटे के पास बाड़मेर आई हुई थी। पीछे बेटा शिवलाल, बहू कमला और दो पोते रामदेव और बजरंग घर पर थे। दिन में बाड़मेर से शिवलाल के छोटे भाई ने कई बार फोन किया लेकिन किसी ने उठाया नहीं। इस पर उसने पड़ोस में किसी को फोन करके पता करने की बात कही। दोपहर करीब 2 से तीन बजे के बीच जब उनके घर पर पड़ोसी गया तो घर के ताला लगा हुआ था और आसपास भी कोई नहीं थी। हालांकि आसपास ढाणियों की आबादी हैं लेकिन इनकी ढाणी कुछ दूरी पर एक साइड में हैं। ऐसे में आसपास पता करने पर घर के पास बने टांके का ढक्कन खुला हुआ दिखा तो पड़ोसी ने उसमें झांका तो शिवलाल पुत्र नगाराम (38), पत्नी कविता (35), बेटे रामदेव (10) व बजरंग (8) के शिव तैरते हुए दिखाई दिए। यह घटना करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। शिवलाल ने अपने पूरे परिवार सहित टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले पति व पत्नी ने अपने फोन बंद कर दिए। मंगलवार को दोपहर से ही भाई और भाभी का फोन बंद आने पर शिवलाल के भाई मांगीलाल ने शाम को 6.30 बजे अपने कृषक को घर पर जाकर देखने को कहा। कृषक घर पहुंचा तो उसे कोई नहीं दिखा। जिस पर वह लौट गया। मांगीलाल द्वारा जोर देने पर उसने वापस आकर परिवारजनों की तलाश की तो टांके में महिला का शव देखकर वह घबरा गया और वहां से भागकर पड़ोसियों के पास आया। पड़ोसियों ने इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी। इस पर शाम 8 बजे शिव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करने पर पूरे परिवार के शव टांके में तैरते नजर आए। पूरे परिवार के आत्महत्या की सूचना मिलने पर एएसपी जसाराम बोस, डीएसपी मानाराम गर्ग, शिव थानाधिकारी सत्यप्रकाश सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा
इस संबंध में महिला के पीहर सेवनियाला बायतु भी सूचित किया। लेकिन देर रात तक पीहर पक्ष नहीं पहुंचा। इसके बाद रात करीब 1 बजे कुछ लोग पीहर पक्ष को बुलाने के लिए रवाना हुए। डीएसपी ने बताया कि पीहर पक्ष आने के बाद ही शव बाहर निकालेंगे
शिवलाल गौड़ सहित पूरे परिवार की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया। वह सोशल प्लेटफार्म पर एक्टिव था। एक दिन पहले ही सोशल मीडिया पर अपने दोनों बच्चों व पत्नी के साथ वीडियो बनाकर अपलोड किया था। वीडियो में बेटे को गहने पहनाए हुए है और दूसरा बेटा पास में खेल रहा हैं। पत्नी कविता और खुद के भी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हुए हैं। देर रात तक गांव के सैकड़ों लोग मौके पर मौजूद थे और आत्महत्या की इस घटना को लेकर हर कोई स्तब्ध था।




















