जयपुर के राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (RUHS) अस्पताल में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. तीन दिन पहले एक युवक सांप को बैग में लेकर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा, जिससे वहां मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ में हड़कंप मच गया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक इमरजेंसी के बाहर बैग से सांप निकालकर दिखा रहा है, जिसे देखकर लोग डर गए. अस्पताल के स्टाफ ने तुरंत स्थिति को संभाला और युवक को भर्ती कर इलाज शुरू किया. जानकारी के अनुसार, युवक को सांप ने डस लिया था, जिसके बाद उसने सांप को पकड़कर बैग में डाला और RUHS अस्पताल पहुंच गया. उसका कहना था, “इसी सांप ने मुझे डसा है, जल्दी इलाज करो.”
जहरीला था सांप
RUHS अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि युवक की हालत गंभीर थी क्योंकि सांप जहरीला था. स्टाफ ने तुरंत उसे एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया और प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया. सांप को बाद में सुरक्षित तरीके से वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया ताकि उसकी प्रजाति की पहचान की जा सके. प्रारंभिक जांच में सांप को रसेल वाइपर (Daboia russelii) की प्रजाति का माना जा रहा है, जो राजस्थान में आमतौर पर पाया जाता है और अत्यंत जहरीला होता है.
काटते ही पकड़ा
बताया जा रहा है कि युवक को जैसे ही सांप ने काटा, उसने तुरंत उसे पकड़ लिया. इसके बाद युवक सांप को लेकर अस्पताल आ गया. शख्स के मुताबिक, वो नहीं चाहता था कि उसे गलत इलाज मिले. इस कारण वो सांप ही लेकर अस्पताल आ गया, ताकि डॉक्टर्स उसे देखकर शख्स का सही इलाज कर सकें. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग युवक के साहस की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे लापरवाही करार दे रहे हैं.




















