जयपुर. राजधानी जयपुर सहित आस-पास के लोगों के लिए अच्छी खबर है. बागवानी लगाने के लिए अब सस्ते दर पर जयपुर में ही पौधे मिल जाएंगे. इसको लेकर वन विभाग ने खास तैयारी की है. जयपुर जिला स्थित नर्सरी से किसान के साथ आम लोगों को अब कम कीमत पर पौधे मिलेंगे. सभी नर्सरियों के मुकाबले जयपुर जिले की सरकारी नर्सरी में सभी वैरायटी के पौधे मिलेंगे. वन विभाग ने यह पहल शुरू की है. इसके तहत जयपुर स्थित नर्सरियों कई किस्मों के पौधे तैयार हैं. लोग यहां से अपनी मनपसंद के पौधे खरीद सकते हैं.
जयपुर प्रादेशिक रेंज में दहमी कला, कलवाड़ और सिल्वन पार्क नर्सरी के साथ ही जयपुर सिटी रेंज की सचिवालय नर्सरी, स्मृति वन नर्सरी, मानसरोवर नर्सरी, बालाजी नर्सरी और जवाहर नगर नर्सरी में दो फीट से लेकर 10 फीट से अधिक ऊंचाई वाले पौधे मिल रहे हैं. जिन्हें, उगाना बहुत आसान है. यहां फलों में अमरूद, अनार, जामुन, आम, पपीता, शहतूत आदि के पौधे भी सस्ते दाम पर मिल रहे हैं.
सभी वैरायटी के फूलों के पौधे मिल रहे
जयपुर की सभी नर्सरियों में फूलों की सभी वैरायटी के पौधे मिल रहे हैं. मुख्य रूप से गुलाब, मोगरा, गुलमोहर, रातरानी, चंपा के पौधे सस्ते दामों पर आम लोगों को दिए जा रहे हैं. इसके अलावा यहां, नीम, मीठा नीम, अशोक, पीपल, करंज, आंवला, बांस, इमली, रूद्राक्ष के पौधे भी खूब बिक रहे हैं. वन विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार लोगों में छायादार, फल-फूल आदि के पौधों की डिमांड ज्यादा है. यहां नर्सरियों में 40 से अधिक किस्मों के पौधे उपलब्ध है. इन पौधों में जंगली जलेबी, अरडू, बहेडा, कचनार, शीशम, पांडा, बील पत्र, जेट्रोफा, दिन का राजा, सेमल, सहजन, बोगनबेल, रातरानी, टेकोमा, क्रोटोन, खेजड़ी, चंपा, हरसिंगार, हवन, लेजस्ट्रोमीया, कनेर पीली, गुड़हल, नागदोन सहित अन्य शामिल हैं.
पौधे के साइज के अनुसार तय किया गया है रेट
वन विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इन नर्सरियों में कांटेदार प्रजाति के पौधे की कीमत 5 रुपए हैं. वहीं दो फीट की ऊंचाई तक के पौधों की कीमत 6 रुपए है. वहीं तीन फीट के पौधे की कीमत 10, पांच फीट तक के पौधे की कीमत 15, आठ फीट तक के पौधे की कीमत 25, दस फीट तक के पौधे की कीमत 50 और इससे अधिक ऊंचाई के पौधे की कीमत 75 रुपए निर्धारित है.




















