बीकानेर। कृषि विभाग ने अनाज मंडी के सामने एक कॉम्पलेक्स में स्थित चार फर्मों के सात गोदाम सीज कर दिए हैं। गोदामों से खाद, बीज, पेस्टिसाइड के नकली होने की आशंका में 26 सैम्पल लिए गए हैं। यह कार्यवाही रविवार सुबह करीब 9 बजे तक चली। श्रीगंगानगर रोड स्थित अनाज मंडी के सामने भूरा कॉम्पलेक्स में 20 से भी अधिक गोदाम व्यापारियों ने किराए पर ले रखे हैं।
नकली खाद, बीज और पेस्टिसाइड के भंडारण की सूचना पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शनिवार रात को वहां अचानक छापा मारा था। इस दौरान सात गोदामों के ताले तोड़े गए। उनमें रखे माल की जांच की गई। कृषि विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर पूछताछ की तो उन्होंने गोदामों की सूचना होने से अनभिज्ञता जता दी। संयुक्त निदेशक कैलाश चौधरी ने बताया कि कॉम्पलेक्स में मैसर्स शिव शक्ति खाद बीज भंडार, मैसर्स अन्नदाता एग्रो एजेंसी, मैसर्स जेपी खाद बीज एजेंसी और जमींदारा कृषि सेवा सहकारी समिति के सात गोदामों के ताले तोड़कर तलाशी ली गई थी।




















