जयपुर. राजस्थान में मानसून को एंट्री किए चार दिन हो गए हैं. अब तक मानसून आधे से ज्यादा राजस्थान को कवर कर चुका है. शनिवार को सुबह से ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इसका असर रहा. अजमेर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, जयपुर, भीलवाड़ा में तेज बारिश हुई. वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा. लगातार हो रही बारिश से चंबल के बांधों में पानी बढ़ने लगा है.
चित्तौड़गढ़ में पिछले 24 घंटे में हुई अच्छी बरसात के कारण धनेश्वर महादेव क्षेत्र के गंगारिया तालाब में पानी की आवक हुई है. यहां पहले 10 प्रतिशत ही पानी था. अभी तक लगभग 30 प्रतिशत से ज्यादा पानी की आवक हो चुकी है. चित्तौड़गढ़ में रात से ही बारिश हो रही है. भीलवाड़ा में सिर्फ आधे घंटे की बारिश में सड़कें दरिया बन गईं. पुराने भीलवाड़ा सहित शहर के निचले हिस्सों में पानी भर गया और यहां सड़क धंसने से गड्ढे में गाड़ी फंस गईं.
मौसम विभाग द्वारा जारी डेली डाटा रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से भारी वर्षा दर्ज की गई. वहीं एक-दो स्थानों में बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई. पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा राज्य में सर्वाधिक वर्षा भीलवाड़ा में 175.0 एमएम दर्ज किया गया है. तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 42.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दर्ज प्रेक्षण के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आर्द्रता की औसत मात्रा 50 से 100 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गयी.
मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को अजमेर में 27.6 डिग्री, अलवर 34.8 डिग्री, जयपुर में 34.0 डिग्री, सीकर में 34.0 डिग्री, कोटा में 28.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 28.6 डिग्री, बाड़मेर में 31.7 डिग्री, जैसलमेर में 39.6 डिग्री, जोधपुर में 28.4 डिग्री, बीकानेर में 36.7 डिग्री, चूरू में 39.4 डिग्री और श्री गंगानगर में 42.3 डिग्री और माउंट आबू में 22.0 सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को अजमेर में 24.7 डिग्री, अलवर में 26.2 डिग्री, जयपुर में 25.3 डिग्री, सीकर में 23.5 डिग्री, कोटा में 24.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 24.7 डिग्री, बाड़मेर 29.8 डिग्री, जैसलमेर में 29.2 डिग्री, जोधपुर में 25.6 डिग्री, बीकानेर में 29.8 डिग्री, चूरू में 27.8 डिग्री और श्री गंगानगर में 30.8 डिग्री और माउंट आबू में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना परिसंचरण तंत्र आज दक्षिणी राजस्थान की और पहुंच गया है तथा झारखंड के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र आज पश्चिमी बिहार और आस-पास के क्षेत्रों के ऊपर बना हुआ है. आज जोधपुर, उदयपुर, अजमेर व कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी/अतिभारी बारिश और जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है. पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में भारी/अतिभारी बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश निवाई, टॉक में 165 मिमी और पश्चिमी राज के भोपालगढ़, जोधपुर में 65 मिमी दर्ज हुई है.
पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियां आगामी दिनों में जारी रहने तथा भरतपुर, कोटा, जयपुर संभाग के कुछ भागों में पुनः 22-24 जून को कहीं भारी/अतिभारी बारिश होने की संभावना है. वही, आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी में बैक टू बैक तंत्र सक्रिय होने के कारण राज्य के कुछ भागों में मानसून गतिविधियां जारी रहने की प्रबल संभावना है.




















