भीलवाड़ा में गरिमामयी व हर्षोल्लास से मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस, 12 प्रतिभाओं को किया सम्मानित
उप मुख्यमंत्री डॉ बैरवा ने किया जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण, कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामयी व हर्षोल्लास से मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह पुलिस लाईन मैदान में आयोजित हुआ। जिले के प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा द्वारा जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रणजीत सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। मुख्य अतिथि डॉ बैरवा ने समारोह को संबोधित करते हुए समस्त प्रदेशवासियों एवं जिलेवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उप मुख्यमंत्री डॉ बैरवा ने कहा कि प्रदेश चिकित्सा, शिक्षा, खेल, कृषि सहित समस्त क्षेत्रों में प्रगति के पथ पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप सरकार द्वारा हर वर्ग को राहत पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश को नई ऊंचाइयां मिल रही है। राज्य सरकार ने गत दो वर्षों के कार्यकाल में कई विकास कार्यों व लोक कल्याणकारी योजनाओं से आमजन को लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों में भारत देश ने अद्भुत प्रगति की है। एवं देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2047 तक देश विकसित भारत बनने को लेकर संकल्पित है। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ बैरवा, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, विधायक अशोक कोठारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह द्वारा जिले की 12 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले सभी को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मान किया गया।

समारोह में परेड कमांडर आयुष श्रोत्रिय के नेतृत्व में 13 बटालियन द्वारा कदम से कदम मिलाते हुए मार्च पास्ट कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। संगम विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रतापनगर व राजेन्द्र मार्ग, सोफिया स्कूल सहित कुल 8 विद्यालय के दल द्वारा समारोह में बैंड प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 2 हजार से ज्यादा स्कूली छात्र- छात्राओं द्वारा विभिन्न व्यायामो का प्रदर्शन किया गया। समारोह में संगम स्कूल द्वारा हमारे पर्व हमारे उत्सव थीम’ सोफिया स्कूल द्वारा’ जयतु जयतु भारतम गीत’ व पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापूनगर द्वारा’ एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का परिचय देते हुए कार्यक्रम आयोजित हुए। सांस्कृतिक कार्यक्रम के पश्चात विभिन्न झांकियों का प्रदर्शन किया गया।
Bhilwara : लायन्स क्लब भीलवाड़ा ने सादगी और गौरव के साथ मनाया 77वां गणतंत्र दिवस
कार्यक्रम में वन विभाग द्वारा अरावली फोरेस्ट इको सिस्टम की झांकी, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा पंच गौरव व ऑर्गेनिक खेती की झांकी, एम.एल.वी. टेक्सटाइल्स कॉलेज, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा भीलवाड़ा टेक्सटाईल्स (एक जिला एक उत्पादन) की झांकी, नगर विकास न्यास विभाग द्वारा भीलवाडा मल्टीपर्पज कॉम्प्लेक्स की झांकी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजना की झांकी, जिला परिषद द्वारा बी.बी.जी. राम जी की झांकी, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण निगम द्वारा एसएसएस सोलर कनेक्शन स्पोंट बिलिंग व स्मार्ट मीटर की झांकी, भीलवाडा डेयरी द्वारा डेयरी के नवाचार कार्य की झांकी, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सक्षम आंगनबाडी पोषण 2.0 की झांकी, चिकित्सा विभाग एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा मां योजना की झांकी, जि.शि.अ. माध्यमिक मुख्यालय द्वारा व्यवसायिक शिक्षा की झांकी, जन स्वा. अभियात्रिकी विभाग द्वारा जन जीवन मिशन की झांकी, निर्वाचन विभाग द्वारा माय इंडिया माय फॉट की झांकी तथा जिला परिषद द्वारा वन्दे मातरम् सहित विभिन्न विकास कार्यों की झांकी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम का संचालन अशोक व्यास ने किया। जिला स्तरीय समारोह में एडीएम सिटी श्रीमति प्रतिभा देवतिया, जिला प्रमुख श्रीमति बरजी देवी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी, नगर विकास न्यास के सचिव ललित गोयल, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक व छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
भीलवाड़ा में गरिमामयी व हर्षोल्लास से मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस, 12 प्रतिभाओं को किया सम्मानित




















