उदयपुर: शहर हिरणमगरी थाना पुलिस ने अमेरिकी नागरिकों को सस्ती दरों पर बिना किसी क्रेडिट स्कोर के लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से 6 लैपटॉप, 10 मोबाइल बरामद, 5 हेड फोन और अन्य इलेक्ट्रानिक सामान बरामद हुए.
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि सूचना मिली थी कि कृष्णागंन अपार्टमेंट, सेक्टर 3 में अमेरिकी नागरिकों को फोन कर सस्ती दरों पर लोन देने के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी की जा रही है. इस सूचना पर थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अपार्टमेंट में दबिश दी. वहां पर फर्जी कॉल सेंटर मिला. जहां अमेरिकी नागरिकों को सस्ती दरों पर लोन दिलवाने का झांसा देकर ठगी की जा रही थी. मौके से अहमदाबाद निवासी कुलदीप पुत्र मनोज भाई पटेल, आनंद पुत्र विट्ठल भाई, अर्चित पुत्र ईतेन्द्र बाबु पाण्डेय, सूरज सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह तोमर, आसु पुत्र राजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कॉल सेन्टर में उपयोग लाए जा रहे 6 लैपटॉप, 10 मोबाइल, 5 हेड फोन, जियो व एयरटेल कम्पनी के नेट राउटर जब्त किए हैं.
बिना क्रेडिट स्कोर के लोन दिलाने का देते झांसा: पूछताछ में सामने आया कि अमेरिकी नागरिकों को सस्ती दरों पर लोन दिलाने के नाम पर एक एप्लीकेशन से कॉल सेंटर्स को मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाए जाते. इसके बाद ये आरोपी अमेरिकी नागरिकोंं को कम क्रेडिट स्कोर और बिना किसी पहचान पत्र के सस्ती दरों पर ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर कॉल करते और रुपए ऐंठते थे.




















