टोंक: जयपुर, अजमेर और टोंक की लाइफलाइन बीसलपुर बांध से बीते 45 दिन में 82 टीएमसी से ज्यादा पानी छोड़ा जा चुका है. रविवार सुबह बांध के 8 गेट खोलकर 1 लाख 32 हजार 220 क्यूसेक पानी की निकासी जारी है. वर्ष 2025 में बीसलपुर बांध से अब तक 8 ईसरदा बांध एवं 2 बीसलपुर बांध भर जाए इतना पानी छोड़ा जा चुका है. यह पानी टोंक और सवाई माधोपुर जिलों से बनास नदी से होकर चंबल में मिल रहा है. बीते 21 साल में सबसे ज्यादा पानी 2016 में 134.23 टीएमसी छोड़ा गया. सबसे कम पानी 2014 में 11.20 टीएमसी छोड़ा गया. बांध के जलग्रहण जिले भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और अजमेर में बरसात जारी रहने से बांध में पानी की तेज आवक बनी है.
बीसलपुर बांध परियोजना के अधिशाषी अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि यह साल बांध के लिए काफी अच्छा रहा. बांध के पहली बार जुलाई माह में गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई. यह बीते 45 दिन से निरंतर जारी है. बांध से 24 जुलाई को एक गेट खोलकर पानी की निकासी की शुरुआत की थी. जैसे-जैसे बांध के कैचमेंट एरिया में बारिश होती गई, उसी प्रकार बांध से पानी के निकासी के गेटों की संख्या बढ़ाई गई. बीसलपुर बांध में जल स्टोरेज की कैपेसिटी 38.703 टीएमसी है, जहां 24 जुलाई से रविवार सुबह तक लगभग 81 टीएमसी पानी की निकासी की जा चुकी है. बीसलपुर बांध में क्षमता से दोगुने से ज्यादा पानी 24 जुलाई से रविवार सुबह तक की निकासी हो चुकी है.
नया रिकॉर्ड: बीसलपुर से इस बार नया कीर्तिमान बनाया, जब 21 साल में पहली बार बांध के गेट 24 जुलाई को खोले. इससे बीते 45 दिन से बांध से पानी की निकासी जारी है. अब तक लगभग 82 टीएमसी पानी छोड़ा जा चुका.
आठ गेट से निकासी: बीसलपुर बांध में पानी की आवक बढ़ने से इस सीजन में पहली बार शनिवार सुबह 7 बजे से आठ गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है. इन गेटों से प्रति सेकेंड 96 हजार 160 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई, जिसे 10 बजे बढ़ाकर 1 लाख 32 हजार 220 क्यूसेक कर दिया गया. अब बांध का जलस्तर 315.50 आरएल मीटर मेंटेन कर 8 गेट से बनास नदी में पानी छोड़ा जा रहा है. बांध के 6 गेट 3-3 मीटर ऊँचाई तक खोला. 2 गेट 2-2 मीटर ऊँचाई तक खोले. इसके चलते बीसलपुर बांध के नीचे के एरिये में बनास नदी में उफान आ गया. प्रशासन ने बनास नदी वाले रास्तों पर बैरिकेड्स लगाकर आने-जाने पर रोक लगा दी.
गेट 7 से 14 तक खोले: बीसलपुर बांध की कुल भराव क्षमता 38.703 TMC के मुकाबले लगभग 82 टीएमसी से ज्यादा पानी बनास में छोड़ा जा चुका है. इस सीजन में कुल पानी की भराव क्षमता से दोगुने से ज्यादा पानी बनास में छोड़ा जा चुका है. गेट नंबर 7 व 8 और 13- 14 को दो-दो मीटर, 9, 10 और 11,13 को तीन-तीन मीटर खोला है.
अब तक आठ बार ओवरफ्लो : बीसलपुर बांध बनने के बाद अब तक आठ बार ओवरफ्लो हो चुका. बांध का निर्माण वर्ष 1999 में हुआ. पहली बार वर्ष 2004 में ओवरफ्लो हुआ. जुलाई माह में प्रथम बार इस बार ओवरफ्लो हुआ. सबसे ज्यादा वर्ष 2016 में 134.23 टीएमसी निकासी की, जो कुल भराव क्षमता से साढ़े तीन गुना ज्यादा थी.
बांध में कब कितने पानी की निकासी (टीएमसी में)
| वर्ष 2004 | 26.18 |
| वर्ष 2006 | 43.02 |
| वर्ष 2014 | 11.20 |
| वर्ष 2016 | 134. 23 |
| वर्ष 2019 | 93.60 |
| वर्ष 2022 | 13 |
| वर्ष 2024 | 31.43 |
| वर्ष 2025 | रविवार तक 82 |




















