सवाई माधोपुर: उत्तराखंड में लैंडस्लाइड के चलते रास्ते में फंसे सवाई माधोपुर के 210 यात्री आखिर 52 घंटे बाद अपने घरों को सकुशल रवाना हो गए. राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री किरोड़ीलाल मीणा की दखल के बाद इन यात्रियों को राहत पहुंचाई गई. यात्रियों का आरोप था कि प्रशासन ने उनकी कोई मदद नहीं की.
पूर्व जिला प्रमुख प्रहलाद मथुरिया ने बताया कि सवाई माधोपुर जिले से सात बसों से करीब 210 यात्री 29 जुलाई को केदारनाथ व बद्रीनाथ धाम रवाना हुए थे. देवदर्शन यात्रा पूरी करने के बाद यात्री हरिद्वार लौट रहे थे कि जोशीमठ और पीपलखूंट के बीच पहाड़ दरक गया. लैंडस्लाइड होने से रास्ता अवरुद्ध हो गया. सात बसों में सवार यात्री बीच रास्ते गरुड़गंगा के पास पाखी गांव चमोली में फंस गए. यात्रियों ने कहा कि वे करीब 52 घंटे वहां फंसे रहे. लैंडस्लाइड के कारण आगे का रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध था. मथुरिया के परिजन भी इन बसों में थे.




















