जोधपुर : वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति और मेहरानगढ़ म्यूज़ियम ट्रस्ट के संयुक्त आयोजन में वीर दुर्गादास राठौड़ की 387वीं जयंती और मारवाड़ रत्न सम्मान समारोह धूमधाम से मनाया गया. समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व महाराजा गजसिंहजी ने वीर दुर्गादास को मातृभूमि के लिए समर्पित एक आदर्श योद्धा बताया और कहा कि उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि वीर दुर्गादास जैसे चरित्रवान व्यक्तित्व का जन्म मारवाड़ की धरती पर हुआ, जिन्होंने अपने गुणों से मारवाड़ का नाम विश्व विख्यात किया. उनकी स्वामी भक्ति की मिसाल आज इतिहास के सुनहरे अक्षरों में लिखी हुई है. वीर दुर्गादास के चरित्र को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है जिन्होंने अपनी मातृभूमि मारवाड़ के लिए त्याग ओर बलिदान की अनूठी मिसाल स्थापित की. उन्होंने कहा कि ऐसे चरित्रवान, गुणों से परिपूर्ण व्यक्तित्व से लोगों एवं विशेषकर युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए.
17 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान : वीर दुर्गादास स्मृति समिति के अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सिंह तंवर ने बताया वीर दुर्गादास राठौड़ की 387वीं जयंती के अवसर पर मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 17 प्रतिभाओं को मारवाड़ रतन सम्मान से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर डॉ. डी. बी. क्षीरसागर द्वारा लिखित पुस्तक “नये युग की किरण महाराजा सरदारसिंहजी” का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया.
बतुल बेगम ने दी प्रस्तुति : समारोह में पद्मश्री बेगम बतुल द्वारा लोक संगीत की प्रस्तुति दी गई. पद्मश्री बेगम बतुल द्वारा गणेश वंदना व माण्ड गायकी की लोक संगीत की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सिंह तंवर ने स्वागत उद्बोधन दिया और जोधपुर स्थापना दिवस समिति के सचिव प्रो. जहूर खां मेहर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया. मुख्य समारोह में पूर्व महारानी हेमलता राज्ये, शरद भण्डारी, ब्रिगेडियर शक्तिसिंह, डॉ. नारायणसिंह माणकलाव, प्रो. एल.एन. हर्ष, ठाकुर देवेन्द्र कनाना, हनुमानसिंह खांगटा, समिति सचिव भागीरथ वैष्णव, जनरल शेरसिंह एवं राजेन्द्रसिंह लीलीया सहित अन्य शामिल हुए.
सम्मान प्राप्त प्रमुख प्रतिभाएं:
- डॉ. ललित के. पंवार – राव सीहाजी सम्मान
- डॉ. नोर्बट पीबॉडी – महाराज सर प्रतापसिंहजी सम्मान
- प्रेम भण्डारी – राव जोधाजी सम्मान
- ब्रिगेडियर सौरभ सिंह शेखावत – मेजर दलपतसिंहजी सम्मान
- अवनि लेखरा – चिरंजीव युवराज शिवराजसिंह सम्मान
- बतुल बेगम – महाराजा विजयसिंह सम्मान
- प्रो. सुभाष चन्द्र लाखोटिया – महाराजा हनवन्तसिंहजी सम्मान
- श्रीमती फेतसिंह व स्व. जॉन सिंह – पद्मश्री कोमल कोठारी सम्मान
- डॉ. वन्दना सिंह – कुंवर करणीसिंह जसोल सम्मान
- डॉ. भवानी सिंह पातावत – महाराजा मानसिंह सम्मान
- अमन सिंह – एच.एच. महाराजा उम्मेदसिंह सम्मान
- लता कच्छवाहा – राजदादीसा बदन कंवर भटियाणीजी सम्मान
- मरूधर महिला शिक्षण संघ, विद्यावाड़ी (जयपुर) – एच.एच. राजमाता कृष्णाकुमारी सम्मान
- संदीप मुटोरिया – एच.एच. गजसिंहजी (द्वितीय) सम्मान
- पलकी शर्मा उपाध्याय – मुहता नैणसी सम्मान
- दीपसिंह भाटी – पद्मश्री सीतारामजी लालसजी सम्मान
- चन्द्रप्रकाश देवल – डॉ. नारायणसिंहजी भाटी ‘मालूंगा’ सम्मान




















