जयपुर : यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल जयपुर का परकोटा 100 करोड़ से संवारा जाएगा. तीज के मौके पर पौण्ड्रिक उद्यान में आयोजित तीज मेले के दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने ये बात कहीं. इसके साथ ही उन्होंने परकोटे को अतिक्रमण मुक्त करने की भी बात कही. आयोजन के दौरान पौण्ड्रिक उद्यान में ही उन्होंने विधायक बालमुकुंद आचार्य, सांसद मंजू शर्मा और महापौर कुसुम यादव के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना. साथ ही पीएम की अपील पर राजस्थान के किले और गढ़ का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करते हुए उनको संवर्धन देने की भी बात कही.
कच्ची घोड़ी, कालबेलिया जैसे लोक नृत्य ने समा बांधा : राजधानी जयपुर में तीज महोत्सव की धूम के बीच रविवार को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पौण्ड्रिक पार्क में आयोजित क्राफ्ट एंड फूड मेले का शुभारंभ किया. इस रंग-बिरंगे आयोजन में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकनृत्य, व्यंजन और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिली. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. मेला स्थल पर महिलाओं की बड़ी भागीदारी दिखी, जहां पारंपरिक परिधान, मेहंदी, झूले और घेवर की मिठास ने उत्सव को जीवंत कर दिया. वहीं, कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने राजस्थानी छटा बिखेरी, जिसमें कच्ची घोड़ी, कालबेलिया जैसे लोक नृत्य ने समा बांधे रखा.
हैंडीक्राफ्ट और जयपुर की विरासत से जुड़ी सामग्री : इस दौरान दीया कुमारी ने कहा कि ये त्योहार सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और इसे जयपुर में बहुत धूमधाम से मनाया जाता है. इस बार तीज माता की भव्य सवारी निकाली जाएगी, जिसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री सभी मौजूद रहेंगे. पब्लिक पार्टिसिपेशन बढ़ सके, इसलिए पहली बार छोटी चौपड़ पर महाआरती का आयोजन किया जा रहा है. इसके अलावा पौण्ड्रिक उद्यान में तीज मेले का आयोजन किया गया है. महिला उद्यमियों की ओर से यहां पर स्टॉल्स लगाई गई हैं, जिसमें हैंडीक्राफ्ट और जयपुर की विरासत से जुड़ी सामग्री मौजूद है. यहां सावन और तीज को दर्शाती सजावट की गई है. महिलाएं यहां पर पारंपरिक पोशाक में पहुंची हैं. खास बात ये है कि जयपुर के बीचोबीच जो पौण्ड्रिक उद्यान है, उसे भी संवारा गया है और अब यहां पर नियमित ध्यान दिया जाएगा. बहुत से वृक्षारोपण यहां पर किए जाने हैं. पर्यावरण का संरक्षण, त्योहार मनाना, यहां की संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम सभी को मिलकर करना होगा.
विश्व भर से टूरिस्ट यहां पर आते हैं : इस दौरान उन्होंने पौण्ड्रिक उद्यान में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सुना. साथ ही कहा कि स्वच्छ भारत अभियान और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए. यही नहीं पीएम ने राजस्थान के पुराने ऐतिहासिक किलों और गढ़ का जिक्र करते हुए यही अपील की है कि ये हमारी विरासत है. इसका संरक्षण करना, ध्यान रखना, ज्यादा से ज्यादा प्रचार करना इसके लिए नागरिकों को जुड़ना चाहिए. ये पर्यटन का बहुत बड़ा अंग है, क्योंकि इन्हें निहारने के लिए पूरे विश्व भर से टूरिस्ट यहां पर आते हैं. उन्हें यहां की विरासत के बारे में बताना केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि तमाम नागरिकों को इससे जुड़ना चाहिए.
परकोटे को अतिक्रमण मुक्त करेंगे : उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि परकोटा यूनेस्को की विश्व धरोहर की सूची में शामिल है, ऐसे में प्रयास किया जा रहा है कि इसे संवारा जाए, संवर्धन किया जाए. सरकार ने इसके लिए 100 करोड़ का बजट भी अलॉट किया है. जल्द इसका काम भी शुरू हो जाएगा. उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के शासनकाल में तमाम अतिक्रमण हुए और उन्होंने होने दिया, जबकि इस पर रोक लगनी चाहिए थी. अब इसे सही करने में कुछ समय तो लगेगा, लेकिन सब मिलकर ये काम करेंगे और परकोटे को अतिक्रमण मुक्त करेंगे.
वहीं, इस दौरान मौजूद रहे स्थानीय विधायक बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि जिस पौण्ड्रिक उद्यान में तीज माता आती हैं, उनका पूजन किया जाता है, मेला उत्सव होता है. यहां पहली मर्तबा इस तरह का तीज उत्सव हो रहा है. भव्य रूप से इस पार्क को सजाया गया है. यूं तो तीज का उत्सव पूरे देश दुनिया में जाना जाता है, लेकिन अब वो पर्यटन के नजरिए से और ज्यादा प्रचलित होगा. हालांकि, परकोटे के अतिक्रमण को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में बिना नियम कायदे के अतिक्रमण किया था.
परकोटे को खराब करने का काम किया गया था, लेकिन बीजेपी सरकार ने इस परकोटे को सजाने के लिए 100 करोड़ का बजट दिया है. परकोटे में अतिक्रमण रोके जाए, इस पर भी काम चल रहा है. इसके साथ ही मानसून में पुरानी इमारत के ढहने से किसी तरह के जान-माल की हानि ना हो उसके मद्देनजर निगम स्तर पर सर्वे करवा लिया गया है. तमाम इमारत को चिह्नित कर लिया गया है. आवश्यकता के अनुसार इन पर कार्रवाई भी की जाएगी.




















