अलवर: जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथगढ़ पंचायत क्षेत्र के काला घाटा में गुरुवार को बकरी चराने गए चार युवकों पर अचानक चट्टान गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई. वहीं इस घटना में एक युवक गंभीर घायल हो गया. स्थानीय लोग घायल को इलाज के लिए नौगांवा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया. घटना की सूचना पर रामगढ़ डीएसपी सुनील कुमार शर्मा व एसडीएम अनिल मीणा मौके पर पहुंचे.
रामगढ़ डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि रघुनाथगढ़ क्षेत्र में चट्टान के मलबे के नीचे गिरने की घटना में तीन युवकों के मौत की सूचना मिली. जिस पर तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि गांव के शकील (25) पुत्र इलियास, भब्बल (30) पुत्र इलियास, जुबेर (25) पुत्र पहलू और जाहिद पुत्र रमजान पहाड़ी पर बकरियां चरा रहे थे. वे तेज धूप से बचने के लिए पेड़ के नीचे बैठ गए. इसी दौरान करीब 25 फीट ऊंचाई से चट्टान मलबे के साथ आ गिरी, जिससे युवक उसके नीचे दब गए. चारों युवक करीब 11 बजे घर से निकले थे. उनके साथ यह हादसा करीब 2 बजे हुआ.
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब युवक पेड़ के नीचे बैठे, तो अचानक पहाड़ का मलबा आ गिरा, जिससे देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जेसीबी मंगवाई और मलबे को हटाकर युवकों को बाहर निकाला. स्थानीय लोगों ने बताया कि गंभीर घायल जाहिद को नौगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर कर दिया गया. वहीं मृतक शकील व भब्बल दोनों भाई हैं. इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया.




















