जयपुर: जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौलतपुरा के पास रविवार को हुए एक हादसे में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के चीफ इंजीनियर अविनाश शर्मा का निधन हो गया. यह हादसा तब हुआ, जब अविनाश शर्मा अपनी स्पोर्ट्स बाइक पर जा रहे थे. उनकी बाइक सड़क पर एक गोवंश से टकरा गई और सड़क से नीचे उतर गई. इस हादसे में अविनाश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अविनाश शर्मा आईएएस (ऊर्जा सचिव) अजिताभ शर्मा के भाई थे.
चौमूं एसीपी अशोक चौहान ने बताया कि अविनाश शर्मा रविवार दोपहर को दिल्ली की तरफ से पावर बाइक पर जयपुर की तरफ आ रहे थे. इस जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौरान दौलतपुरा टोल पार करने के बाद हाइवे पर उनकी बाइक एक लावारिस गोवंश से टकरा गई और बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई.
हादसे में अविनाश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें हाइवे एम्बुलेंस की मदद से सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की जानकारी मिलने पर आईएएस अजिताभ शर्मा व अन्य परिचित एसएमएस ट्रोमा सेंटर पहुंचे. अविनाश शर्मा जयपुर में गांधीनगर में रहते थे.




















