भीलवाड़ा : प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व भीलवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा रविवार को एक दिवसीय भीलवाड़ा जिले के दौरे पर रहे. यहां उपमुख्यमंत्री ने कहा कि झालावाड़ की घटना बहुत दुखद घटना है. सरकार ने प्रदेश के तमाम सरकारी स्कूलों की बिल्डिंगों का भौतिक सत्यापन करवाने के निर्देश दिए हैं. वहीं, छात्र संघ चुनाव को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है. हमारी प्राथमिकता है कि कॉलेज में छात्र-छात्राओं को अच्छी शिक्षा मिले.
झालावाड़ स्कूल हादसे पर ये कहा : झालावाड़ में स्कूल हादसे को लेकर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि निश्चित रूप से बहुत दुखद घटना है. हम सबको इस घटना से दुख है. ऐसी घटना आगे नहीं हो, इसके लिए हमारे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरी समीक्षा बैठक ली है. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर क्षेत्र में गए हैं. मुख्यमंत्री मॉनिटरिंग कर रहे हैं. जिन अधिकारियों की गलती रही, उन पर तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करेंगे. भविष्य में एसी घटना नहीं हो, इसके लिए बड़े स्तर पर मीटिंग रखते हुए कई निर्णय लिए गए हैं.
उन्होंने बताया कि पहले 15 प्रतिशत मरम्मत की योजना थी, उसको 20 प्रतिशत तक बढ़ाया है. एमपी व एमएलए फंड से 20 प्रतिशत हिस्सा स्कूलों के मरम्मत और कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए प्रावधान किया गया है. वहीं, एक कमेटी का गठन किया गया है, जो पूरे राजस्थान में भवनों का अवलोकन कर रिपोर्ट तैयार करेगी. सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भवनों का भौतिक सत्यापन करें, ताकि दोबारा झालावाड़ जैसी घटना न हो.
छात्र संघ चुनाव पहले बंद थे : बैरवा ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार कृषि, चिकित्सा, शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित तमाम क्षेत्रों में काम में कर रही है. वहीं, प्रदेश में छात्र संघ चुनाव को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि छात्र संघ चुनाव पहले बंद थे. चुनाव की शुरुआत कांग्रेस पार्टी ने की थी और कांग्रेस पार्टी ने ही छात्र संघ चुनाव को बंद किया था. अभी हमारा लक्ष्य कॉलेज शिक्षा में प्रवेश प्रक्रिया पर है. बच्चों को अच्छे शिक्षा देने के लिए हम काम कर रहे हैं. वर्तमान में छात्र संघ चुनाव को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है.
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने मांडलगढ़ पंचायत समिति के दौलतपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जिला स्तरीय हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम में शिरकत की. इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में पिछले वर्ष 7 करोड़ पौधे लगाए गए थे. इस बार वर्षा ऋतु में 10 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे.
सिरोही में भी स्कूलों को लेकर दिए ये निर्देश: झालावाड़ के पीपलोदी में हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रदेश सरकार हरकत में आ गई है. सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा को लेकर अब राज्य स्तर पर कड़े कदम उठाए जा रहे हैं. सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे के तुरंत बाद उच्च स्तरीय बैठक कर सभी सरकारी भवनों की सुरक्षा की समीक्षा के निर्देश दिए हैं. इसके तहत स्कूलों, छात्रावासों, कॉलेजों, चिकित्सा भवनों, सड़कों और पुलों की सुरक्षा जांच और मरम्मत के लिए विशेष स्थायी समितियों का गठन किया गया है. राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने भी ने भी विद्यालयों की भवन सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि सिरोही जिले के सभी सरकारी स्कूल भवनों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा और जर्जर भवनों की सूची बनाकर उनकी मरम्मत या पुनर्निर्माण की प्रक्रिया तेज की जाएगी.




















