सिरोही: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सिरोही में परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की. ACB की आधा दर्जन टीमों ने सिरोही के मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर सुजानराम चौधरी के सिरोही, जालोर, पाली, राजसमंद, माउंट आबू, भीनमाल व जालौर स्थित कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया. कार्रवाई का नेतृत्व पाली एसीबी के एडिशनल एसपी खीवसिंह कर रहे हैं. कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार की शिकायतों के आधार पर की जा रही है.
एसीबी की एडीजी स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि सुजानाराम चौधरी की राजकीय सेवा में नियुक्ति होने से अब तक करीब दो करोड़ पचास लाख रुपए की आय से अधिक परिसम्पत्तियां अर्जित करना पाया गया, जो वैध आय से करीब 201 प्रतिशत अधिक है. चौधरी के भीनमाल, माउंट आबू, जालोर, जोधपुर में विभिन्न स्थानों पर आवासीय मकान/व्यवसायिक/दुकान/भूखंड खरीदने का पता चला है. एसीबी अधिकारी व परिजनों के बैंक खातों की जानकारी जुटा रहे हैं.
मचा हड़कंप: सिरोही में सुजानाराम चौधरी के ठिकानों पर सर्च से परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. एसीबी चौधरी की सम्पति, भूखंड के दस्तावेज की जानकारी के साथ ही करीबी रिश्तेदारों के खाते का पता लगा रही है. एसीबी का सर्च चौधरी के विभिन्न ठिकानों पर जारी है. परिवहन निरीक्षक सुजानराम चौधरी के खिलाफ आमदनी से अधिक संपत्ति जुटाने और भ्रष्टाचार की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थी.




















